अब पानी नहीं बनेगा परेशानी खुला नालों का रास्ता निगम ने संभाली जल निकासी व्यवस्था की कमान नालों से हटे कब्जे,चली जेसीबी,अतिक्रमण ध्वस्त महापौर के निर्देश पर निगम की ताबड़तोड़ कार्रवाई
अब पानी नहीं बनेगा परेशानी खुला नालों का रास्ता निगम ने संभाली जल निकासी व्यवस्था की कमान नालों से हटे कब्जे,चली जेसीबी,अतिक्रमण ध्वस्त
महापौर के निर्देश पर निगम की ताबड़तोड़ कार्रवाई
कटनी।। आगामी बरसात को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने शहर को जलभराव से बचाने के लिए सख्त और प्रभावी कार्रवाई शुरू कर दी है। महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी के निरीक्षण और स्पष्ट निर्देशों के बाद निगम अमला पूरी सक्रियता के साथ मैदान में उतर गया है। बस स्टैंड क्षेत्र सहित प्रमुख नालों पर वर्षों से बने अवरोधों और अतिक्रमणों को हटाते हुए व्यापक सफाई अभियान चलाया जा रहा है।
नगर निगम की इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संकेत मिला है कि इस बार बारिश के दौरान जल निकासी व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निगम के अतिक्रमण अमले ने नालों के ऊपर एवं आसपास किए गए अस्थायी कब्जों को हटाकर पानी के बहाव को सुचारु बनाने की दिशा में तेज कार्रवाई की। कई स्थानों पर नालों को पूरी तरह ढंक चुके टपरे, अस्थायी निर्माण और नर्सरी संरचनाओं को हाइड्रा और जेसीबी मशीनों की सहायता से हटाया गया।
अतिक्रमण प्रभारी मानेन्द्र सिंह ने बताया कि कार्रवाई से पहले क्षेत्र में मुनादी कराकर लोगों को तीन दिन पूर्व सूचना दी गई थी, ताकि वे स्वेच्छा से अतिक्रमण हटा लें। बावजूद इसके जब कब्जे नहीं हटाए गए तो निगम प्रशासन ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अवरोधों को हटाकर सुरक्षित स्थान पर रखवाया।
इधर स्वास्थ्य विभाग की टीम भी सफाई अभियान में पूरी ताकत के साथ जुटी हुई है। नालों में जमी गाद, प्लास्टिक, कचरा और अन्य अवरोधों को निकालकर जल निकासी मार्ग को साफ किया जा रहा है। निगम प्रशासन का उद्देश्य साफ है कि बारिश के दौरान शहर की सड़कों और बस्तियों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो और नागरिकों को राहत मिल सके।
महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि शहर को जलभराव मुक्त बनाना निगम की प्राथमिकता है। हर बड़े और छोटे नाले की सफाई समय सीमा में पूरी की जाएगी। नागरिक भी सहयोग करें, नालों में कचरा न डालें और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण से बचें। नगर निगम की लंबे समय बाद प्रशासनिक स्तर पर जल निकासी व्यवस्था को लेकर इस सक्रिय कार्रवाई और गंभीरता से लोगों में उम्मीद जगी है।