दीपावली पर अग्नि सुरक्षा को लेकर निगम अलर्ट, बाजारों में फायर ब्रिगेड की पेट्रोलिंग
दीपावली पर अग्नि सुरक्षा को लेकर निगम अलर्ट, बाजारों में फायर ब्रिगेड की पेट्रोलिंग
कमानिया गेट से सराफा बाजार और मिशन चौक तक पहुंचा फायर ब्रिगेड वाहन, अतिक्रमण व अव्यवस्थित पार्किंग पर विशेष नजर
कटनी। दीपावली के त्योहार पर बाजारों में बढ़ती भीड़ और कारोबार के बीच आगजनी की आशंका को देखते हुए नगर निगम प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। किसी भी आपात स्थिति में फायर ब्रिगेड को घटनास्थल तक पहुंचने में परेशानी न हो, इसके लिए निगम की अग्निशमन एवं अतिक्रमण विभाग की संयुक्त टीम ने शनिवार शाम शहर के प्रमुख बाजारों में फायर ब्रिगेड वाहन के साथ पेट्रोलिंग की।
निगमायुक्त तपस्या परिहार के निर्देश पर शुरू की गई इस विशेष पेट्रोलिंग के दौरान टीम ने सिविल लाइन फायर जोन से रेलवे स्टेशन, कमानिया गेट गली, कपड़ा बाजार, झंडा बाजार, सराफा मार्केट, शेर चौक, आजाद चौक और मिशन चौक तक पहुंचकर मार्गों की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान दुकानों के सामने रखी सामग्री, सड़क पर अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग से फायर ब्रिगेड के आवागमन में संभावित बाधाओं को देखा गया।
संकरी गलियों में फायर ब्रिगेड की पहुंच पर फोकस
दीपावली के दौरान शहर के प्रमुख बाजारों में ग्राहकों की भीड़ के साथ पटाखों एवं ज्वलनशील सामग्री की दुकानों के कारण अग्नि सुरक्षा की चुनौती बढ़ जाती है। ऐसे में संकरी बाजार गलियों और व्यस्त मार्गों पर फायर ब्रिगेड की निर्बाध आवाजाही बेहद जरूरी है। निगम की टीम ने इसी उद्देश्य से वास्तविक परिस्थितियों में फायर ब्रिगेड वाहन के साथ पेट्रोलिंग कर आपातकालीन पहुंच की स्थिति का परीक्षण किया।
व्यापारियों से सहयोग की अपील
नगर निगम प्रशासन ने व्यापारियों और नागरिकों से दुकानों के सामने अतिक्रमण नहीं करने, सड़क पर सामग्री नहीं रखने और बाजार मार्गों को पार्किंग से बाधित नहीं करने की अपील की है। साथ ही पटाखों एवं ज्वलनशील पदार्थों के विक्रय में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने की हिदायत दी गई है।
निगम प्रशासन के अनुसार दीपावली पर्व के दौरान बाजार क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पेट्रोलिंग निरंतर जारी रहेगी। इस दौरान सहायक फायर प्रभारी शैलेन्द्र कुमार दुबे सहित अग्निशमन एवं अतिक्रमण विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।