स्तुति द्विवेदी ने नीट परीक्षा में अर्जित की सफलता, जिले का नाम किया गौरवान्वित

0

शहडोल। जीवन में सफलता के पीछे हर कोई भागता है, मगर सफलता उसी शख्स के पीछे दौड़ती है, जो खुद पर अटूट विश्वास और हर तूफान से भिड़ जाने का दम रखता है। कामयाबी उन लोगों की गुलाम होती है, जो खुद से ज्यादा अपने काम को महत्व देते हैं। कुछ ऐसे ही उदाहरण को प्रस्तुत किया है  जिले की बेटी सुश्री स्तुति द्विवेदी ने जिन्होंने बिना कोई कोचिंग के नीट की परीक्षा में सफलता अर्जित कर जिले का नाम पूरे देश में गौरवान्वित किया है। सुश्री स्तुति द्विवेदी के पिता  मनोज द्विवेदी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में जिला कार्यक्रम प्रबंधक के पद में तथा उनकी माता श्रीमती सीमा द्विवेदी शासकीय माध्यमिक विद्यालय पांडव नगर में शिक्षिका के पद पर पदस्थ हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा शहडोल जिले के कॉन्वेंट स्कूल में हुई है।सुश्री स्तुति द्विवेदी के मन में चिकित्सक बनकर मानवता की सेवा करने भावना बलवती हो रही थी इसे मूर्त रूप देने के लिए उन्होंने सतत प्रयास किया और अपने दृढ़ इच्छा शक्ति, तथा कठिन परिश्रम के साथ नीट 2023 की परीक्षा में शामिल होकर सफलता अर्जित की। उन्होंने नीट की परीक्षा में 720 में से 607 अंक अर्जित कर 98.76 परसेंटाइल से परीक्षा पास कर जिले का नाम गौरवान्वित किया। सुश्री स्तुति द्विवेदी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता एवं शिक्षकों को देते हुए कहा कि मैं जब पढ़ती थी और मेरा आत्मविश्वास कमजोर होता था तो मेरी मां हमेशा मेरा मनोबल बढ़ाती थी और कहती थी कि कड़ी मेहनत और लगातार मनोयोग से किया गया परिश्रम सफलता का मार्ग प्रशस्त करता है। उन्होंने बताया कि इसमें मेरे बड़े पिताजी श्री अनिल द्विवेदी, जो स्वयं शिक्षक हैं, का भी बहुत बड़ा योगदान है, जिन्होंने समय-समय पर मेरा हौसला अफजाई की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *