रामपुर से जिले में पहुंचेगी वीरांगना रानी दुर्गावती गौरव यात्रा-मनीषा
Staff June 25, 2023 0 जैतपुर विधायक ने की स्वागत की अपील


शहडोल। 22 जून से बालाघाट में शुरू हुई वीरांगना रानी दुर्गावती गौरव यात्रा 25 जून को अनूपपुर से शहडोल जिले की जैतपुर विधानसभा में प्रवेश करेगी, इस दौरान केशवाही झींक बिजुरी, जैतपुर के अलावा रसमोहनी, लफदा, देवरी, धनगवां, बिरूहली, बुढार और कंचनपुर में कार्यक्रमों का आयोजन होगा और इसके अगले दिन हवाई अड्डा लालपुर में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में गौरव यात्रा का समापन होगा । इस संदर्भ में जानकारी देते हुए जैतपुर विधायक श्रीमती मनीषा सिंह ने बताया कि आज रविवार की शाम करीब 4 बजे के आस-पास रामपुर से यह यात्रा शहडोल जिले में प्रवेश करेगी। यात्रा के स्वागत के लिए भारतीय जनता पार्टी सहित यात्रा के प्रभारी और जैतपुर विधानसभा चुनाव के प्रभारी दौलत मनमानी, भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष कमल प्रताप सिंह और अन्य पदाधिकारियों ने व्यापक तैयारियां की हुई है। उन्होंने यह भी बताया कि इससे पूर्व आज प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी अल्पकालिक दौरे में लालपुर पहुंचेंगे और यहां 27 जून को प्रधानमंत्री शिवराज नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर की जा रही तैयारियों का जायजा भी लेंगे। इस दौरान लालपुर के उपरांत मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ग्राम पकरिया में आयोजित होने वाले प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में भी व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।
9 स्थानों पर होगी सभा
गौरव यात्रा के संदर्भ में जानकारी देते हुए जैतपुर विधायक श्रीमती मनीषा सिंह ने बताया कि आज शाम रामपुर से शहडोल जिले की विधानसभा जैतपुर में प्रवेश करने के बाद यह यात्रा केशवाही पहुंचेगी। यहां आम सभा को भारतीय जनता पार्टी के नेता और यात्रा के प्रभारी कैबिनेट मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते संबोधित करेंगे। इसके बाद यह यात्रा झींक बिजुरी पहुंचेगी, शाम 6 बजे भी झींकबिजुरी में भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। जिसमें स्थानीयजनों के साथ ही भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता पदाधिकारी और खासकर आदिवासी समुदाय को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। जैतपुर में ही फग्गन सिंह कुलस्ते और उनके साथ यह यात्रा रात्रि विश्राम करेगी , श्रीमती सिंह ने बताया कि कल 26 जून को यह यात्रा ग्राम रसमोनी पहुंचेगी, सुबह 10 बजे रसमोहनी में कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, इसके उपरांत दोपहर 12 बजे ग्राम लफदा, दोपहर 2 बजे ग्राम देवरी धनिगवां के उपरांत शाम 4 बजे ग्राम बिरूहली पहुंचेगी, इसके बाद बुढ़ार में शाम 6 बजे तहसील ग्राउंड में कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।
तैयारी में लगे भाजपा के नेता
बुढार, धनपुरी, अमलाई आदि क्षेत्रों से बड़ी संख्या में आदिवासी समुदाय के साथ ही अन्य लोगों को भी आमंत्रित किया गया है, भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी को इस कार्यक्रम में उपस्थित रहने के साथ ही कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए निर्देशित किया गया है। तैयारियों में भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष कमल प्रताप सिंह के अलावा जैतपुर विधानसभा के प्रभारी दौलत मनमानी स्थानीय नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रविंद्र कौर छाबड़ा बुढार नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती शालिनी सरावगी, पूर्व विधायक छोटेलाल सरावगी, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष कैलाश विशनानी के अलावा पुष्पेंद्र ताम्रकार और अन्य भाजपा के नेता तैयारियों में लगे हुए हैं। बुढ़ार में कार्यक्रम के आयोजन के उपरांत रात्रि 8 बजे कंचनपुर में यात्रा पहुंचेगी और कार्यक्रम के उपरांत यही रात्रि विश्राम होगा।
27 को लालपुर में होगा समापन
गौरव यात्रा का 27 जून को जैतपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत लालपुर हवाई अड्डे में समापन होगा, गौरतलब है कि यह यात्रा वीरांगना रानी दुर्गावती गौरव यात्रा के नाम पर 22 जून को बालाघाट से शुरू की गई थी और 27 जून को लालपुर में समापन कार्यक्रम के दौरान देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विभिन्न मंत्री तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और सैकड़ों की संख्या में संगठन और भाजपा के पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। समापन कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन के साथ ही प्रदेश व देश की राजधानी से बड़ी संख्या में सुरक्षा के लिए जवानों की तैनाती हो चुकी है, कार्यक्रम में लगभग 2 लाख से अधिक लोगों के पहुंचने की संभावना है। जिसको लेकर तैयारियों को अंतिम रुप दिया जा रहा है।