5 एकड़ भूमि पर कांग्रेस नेता का कब्जा
शहडोल। नगर के पुराने बस स्टैण्ड वार्ड नंबर 14 में रहने वाली सामाजिक कार्यकर्ता ने कांग्रेस नेता के द्वारा 5 एकड़ भूमि पर अवैध कब्जा करके उसमें मैरिज गार्डन बनाने की शिकायत जनसुनवाई में शहडोल कमिश्नर को दी है, आज 27 जून को हुई शिकायत में यह उल्लेख किया गया कि शहडोल का एक कांग्रेस का नेता जो भू-माफिया भी है, उसने पुरानी बस्ती सरई घाट में आराजी खसरा नंबर 516 जो शासकीय नजूल की भूमि है, उस पर कब्जा किया हुआ है। लगभग 5 एकड़ के रकवे वाले इस नजूल के भू-खण्ड पर पक्का निर्माण कर शादी-पार्टी वालों को किराये पर दिया जा रहा है, हर माह लाखों रूपये आय अर्जित की जा रही है। यदि शासन जांच करे तो, शासकीय भू-खण्ड और पक्का मकान अवश्य ही शासकीय प्रयोजन में आ सकता है।
पुराना बस स्टैण्ड, एसपी बंगला के समीप निवासरत सामाजिक कार्यकर्ता गीता सिंह परिहार ने शिकायत में यह भी उल्लेख किया है कि शासन जांच कर इसे अधिगृहित कर सकती है और जिन लोगों के पास स्वयं का मकान नहीं है, उनको आवास योजना का लाभ दिलवा सकती है।