रक्तदान शिविर का आयोजन: नगर परिषद अध्यक्ष शालिनी सरावगी ने बढ़ाया उत्साह, कहा रक्तदान सबसे बड़ा महादान
बुढार। मानवता के प्रति समर्पण और सेवा की भावना को दर्शाते हुए वार्ड क्रमांक 11 और 12 में आज रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर का आयोजन अब्दुल्ला और वार्ड पार्षद शाहिद चीनी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। शिविर में नगर के अनेक युवाओं और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रक्तदान किया।
कार्यक्रम में विशेष रूप से नगर परिषद बुढार की अध्यक्ष श्रीमती शालिनी सरावगी ने पहुंचकर सभी रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक ऐसा पुण्य कार्य है जिससे न केवल किसी का जीवन बचाया जा सकता है, बल्कि यह मानवता की सच्ची सेवा भी है। उन्होंने आयोजकों के इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताया।
रक्तदान शिविर में स्थानीय नागरिकों, समाजसेवियों और युवाओं की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली। उपस्थित लोगों ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकता, सद्भाव और मानवीय मूल्यों को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों को धन्यवाद ज्ञापन और भविष्य में ऐसे ही सामाजिक कार्यों की अपील के साथ किया गया।