छात्राओं के हंगामे के बाद बड़ा एक्शन: शबरी कन्या शिक्षा परिसर मानपुर के प्रभारी प्राचार्य निलंबित
रात में छात्रावास आने और अनुचित व्यवहार के आरोप, कलेक्टर की जांच रिपोर्ट पर संभागायुक्त का आदेश(जयप्रकाश शर्मा)
मानपुर। छात्राओं के सड़क पर उतरने और वायरल वीडियो के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। अमरजीत द्विवेदी, प्रभारी प्राचार्य, माता शबरी कन्या शिक्षा परिसर मानपुर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई सुरभि गुप्ता, संभागायुक्त के निर्देश पर की गई।
कलेक्टर की जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही
निलंबन आदेश धरणेंद्र कुमार जैन, कलेक्टर उमरिया द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन के आधार पर जारी हुआ। प्रतिवेदन में छात्राओं एवं कर्मचारियों के साथ कथित अनैतिक व्यवहार के गंभीर आरोप दर्ज किए गए थे। जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9(1)(क) के तहत कार्रवाई की गई।
20 फरवरी को 200 छात्राएं उतरीं थीं सड़क पर
20 फरवरी को लगभग 200 छात्राओं ने परिसर के बाहर प्रदर्शन किया था। सामने आए वीडियो में छात्राएं आक्रोशित दिखाई दीं। आरोप है कि प्रभारी प्राचार्य का व्यवहार अनुचित था और वे रात्रि में छात्रावास में पहुंचते थे, जिससे छात्राओं में भय और असंतोष का माहौल बना।
जांच दल की रिपोर्ट में भी उल्लेख है कि छात्राएं लंबे समय से व्यवहार से नाराज थीं और उसी के विरोध में आंदोलन किया गया।
निलंबन अवधि में यह रहेगा मुख्यालय
निलंबन अवधि के दौरान अमरजीत द्विवेदी का मुख्यालय कार्यालय सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग नियत किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।
मानपुर का अतिरिक्त प्रभार उमरिया के प्राचार्य को
प्रशासन ने व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए अरनोद कुमार शुक्ला, प्रभारी प्राचार्य माता शबरी कन्या शिक्षा परिसर उमरिया को आगामी आदेश तक मानपुर परिसर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। अंतिम प्रतिवेदन के आधार पर आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई तय की जाएगी।