निगमायुक्त ने राजस्व वसूली की समीक्षा कर लक्ष्य अनुरूप वसूली तेज करने के दिए निर्देश बड़े बकायेदारों पर कुर्की व नल विच्छेदन की कार्रवाई होगी, संपत्तियों के बेहतर प्रबंधन से बढ़ेगी निगम की आय
निगमायुक्त ने राजस्व वसूली की समीक्षा कर लक्ष्य अनुरूप वसूली तेज करने के दिए निर्देश
बड़े बकायेदारों पर कुर्की व नल विच्छेदन की कार्रवाई होगी, संपत्तियों के बेहतर प्रबंधन से बढ़ेगी निगम की आय
कटनी।। वित्तीय वर्ष समाप्त होने में अब केवल 25 दिन शेष रह गए हैं। ऐसे में अधिकतम राजस्व संग्रह सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम द्वारा प्रत्येक वार्ड में विशेष कर वसूली अभियान चलाया जाएगा। निगम की गठित टीमें वर्तमान प्रयासों में तेजी लाते हुए प्रतिदिन बकायेदारों से घर-घर संपर्क कर अधिक से अधिक वसूली सुनिश्चित करें। यह निर्देश निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने राजस्व वसूली की प्रगति की समीक्षा बैठक के दौरान राजस्व विभाग के अधिकारियों को दिए। बैठक में निगमायुक्त ने डिमांड के विरुद्ध अब तक की गई वसूली की समीक्षा करते हुए 0 से 5 हजार, 5 हजार से 10 हजार, 10 हजार से 25 हजार तथा 25 हजार से 1 लाख रुपये तक के बकायेदारों की सूची का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहकर विशेष रूप से बड़े बकायेदारों से रोजाना संपर्क कर बकाया कर की राशि निगम कोष में जमा कराने के निर्देश दिए।
निगमायुक्त ने जलकर की अपेक्षाकृत कम वसूली पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि वसूली के दौरान जलकर एवं संपत्ति कर की टीमें संयुक्त रूप से पीओएस मशीन के साथ कार्य करें, ताकि नागरिकों को एक ही स्थान पर दोनों कर जमा करने की सुविधा मिल सके।
कुर्की और नल विच्छेदन की होगी कार्रवाई
निगमायुक्त ने कहा कि लगभग सभी वार्डों में विशेष शिविरों का आयोजन किया जा चुका है। जिन करदाताओं द्वारा रिमाइंडर और नोटिस के बावजूद बकाया कर का भुगतान नहीं किया जा रहा है, उनसे संपर्क किया जाए। इसके बाद भी राशि जमा न करने की स्थिति में संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कुर्की एवं नल कनेक्शन विच्छेदन की कार्रवाई प्रस्तावित की जाए। उन्होंने वसूली कार्य में संलग्न दल को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक वसूली कर्ता को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप बकाया वसूली सुनिश्चित करनी होगी।
संपदा, बाजार शाखा और ट्रांसपोर्ट नगर की भी समीक्षा
बैठक के दौरान निगमायुक्त ने संपदा शाखा, बाजार शाखा तथा ट्रांसपोर्ट नगर में चल रहे विकास कार्यों और व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यों की प्रगति की जानकारी देने तथा लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
संपदा शाखा से निगम संपत्तियों के प्रबंधन, किराया वसूली तथा रिक्त दुकानों के आवंटन की स्थिति की जानकारी लेते हुए निगम की आय बढ़ाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए। वहीं बाजार क्षेत्रों में साफ-सफाई, अतिक्रमण नियंत्रण तथा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। ट्रांसपोर्ट नगर के विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधोसंरचना से जुड़े कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने और वहां मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।
बैठक में राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक, उप राजस्व अधिकारी सागर नायक, राजस्व निरीक्षक मुकेश राजपूत, प्रकाश पाण्डेय, विनोद सिंह चौहान, राजकुमार प्यासी, लवकुश तिवारी सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।