शिक्षा व्यवस्था को मिलेगा नया संबल, संतोष लोहानी जिला स्तरीय समिति में शामिल

0
शहडोल | जिले की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। सांदीपनि, पीएम श्री, उत्कृष्ट और मॉडल स्कूलों की देखरेख के लिए बनी जिला स्तरीय समिति में संतोष लोहानी को सदस्य बनाया गया है।
यह समिति कलेक्टर डॉ. केदार सिंह की अध्यक्षता में काम करेगी, जबकि जिला शिक्षा अधिकारी आर.के. मंगलानी इसके सचिव होंगे। समिति का मुख्य काम जिले के पीएम श्री विद्यालय, उत्कृष्ट विद्यालय, मॉडल स्कूल और अन्य हायर सेकेंडरी स्कूलों की कार्य योजना बनाना और उनकी नियमित निगरानी करना होगा।
स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह द्वारा की गई इस नियुक्ति को जिले के लिए सकारात्मक कदम माना जा रहा है। लोगों का कहना है कि संतोष लोहानी का अनुभव स्कूलों के विकास और व्यवस्थाओं को सुधारने में मददगार साबित होगा।
खास तौर पर स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने, संसाधनों का सही उपयोग करने और पढ़ाई का माहौल सुधारने में उनकी भूमिका अहम मानी जा रही है। शासन का लक्ष्य सांदीपनि स्कूलों को आदर्श स्कूल बनाना है, जिसमें उनकी भागीदारी महत्वपूर्ण होगी।
जनप्रतिनिधियों ने दी बधाई
इस नियुक्ति पर उप मुख्यमंत्री एवं शहडोल प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ला, सांसद हिमाद्री सिंह, सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, भाजपा जिला अध्यक्ष अमिता चपरा, जयसिंहनगर विधायक मनीषा सिंह, जैतपुर विधायक जय सिंह मरावी, ब्यौहारी विधायक शरद कोल सहित कई जनप्रतिनिधियों और शिक्षा से जुड़े लोगों ने खुशी जताते हुए बधाई दी है।
सभी ने विश्वास जताया है कि संतोष लोहानी अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी से निभाते हुए जिले के बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed