खेर माई धाम में माँ संतोषी की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव प्रारंभ, श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल
खेर माई धाम में माँ संतोषी की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव प्रारंभ, श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल
अनूपपुर की पावन धरती पर माँ संतोषी की नवीन प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का वातावरण निर्मित हो गया है। खेर माई धाम में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालु बढ़-चढ़कर सहभागिता निभा रहे हैं।

अनूपपुर नगर स्थित खेर माई धाम, बिजली ऑफिस के समीप माँ संतोषी जी की नवीन मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा का भव्य आयोजन पूर्वजों के आशीर्वाद एवं माता रानी की कृपा से संपन्न किया जा रहा है। इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है तथा धार्मिक वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है।
आयोजन की शुरुआत 23 अप्रैल 2026, गुरुवार को कलश यात्रा एवं पंचांग पूजन के साथ हुई, जिसमें महिलाओं एवं श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर धर्मलाभ अर्जित किया। इसके पश्चात 24 अप्रैल, शुक्रवार को पीठ पूजन, अन्नाधिवास एवं जलाधिवास जैसे वैदिक अनुष्ठान विधिविधान से संपन्न हुए।
25 अप्रैल, शनिवार को शैय्याधिवास, द्रव्याधिवास, फलाधिवास, पुष्पाधिवास एवं पाठ पूजन के कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें वैदिक मंत्रोच्चार के बीच वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत रहा। वहीं 26 अप्रैल, रविवार को देवी पूजन, प्राण प्रतिष्ठा, हवन एवं पूर्णाहुति का मुख्य अनुष्ठान संपन्न होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के सम्मिलित होने की संभावना है।
कार्यक्रम का समापन 27 अप्रैल, सोमवार को प्रसाद वितरण एवं विशाल भंडारे के साथ किया जाएगा, जिसमें सभी श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया गया है।