जलती लपटों में खत्म हुई जिंदगी, वीडियो वायरल….कछगवां बना सनसनी का केंद्र….मौत ने खोले राज के दरवाजे, सड़क पर उतरे ग्रामीण, पुलिस घिरी सवालों में,हत्या या हादसा सुलगता गुस्सा लपटों के पीछे का सच क्या
जलती लपटों में खत्म हुई जिंदगी, वीडियो वायरल….कछगवां बना सनसनी का केंद्र….मौत ने खोले राज के दरवाजे, सड़क पर उतरे ग्रामीण, पुलिस घिरी सवालों में,हत्या या हादसा सुलगता गुस्सा लपटों के पीछे का सच क्या
कटनी।। कुठला थाना क्षेत्र के ग्राम कछगवां जोवा में 52 वर्षीय प्रौढ़ की संदिग्ध परिस्थितियों में आग से जलकर हुई मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। घटना इतनी भयावह है कि जिसने भी सुना, सिहर उठा। मृतक की पहचान रघुनाथ पटेल (52) पिता जगदीश पटेल के रूप में हुई है, जो गांव में कबाड़ का काम करते थे। शनिवार शाम घटी इस घटना के बाद जहां एक ओर परिवार सदमे में है, वहीं दूसरी ओर पूरे गांव में गुस्से की लहर दौड़ गई है। परिजनों और ग्रामीणों ने इस मौत को हादसा मानने से साफ इनकार करते हुए इसे सोची-समझी हत्या बताया है।
परिजनों के अनुसार, शनिवार रात करीब 8 बजे मृतक का बेटा पंकज जब दुकान पहुंचा तो वहां आग लगी हुई थी। अंदर जाकर देखा तो रघुनाथ पटेल बुरी तरह झुलसे पड़े थे। आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस बीच, घटना का एक दिल दहला देने वाला वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति आग की लपटों में घिरा दिखाई दे रहा है। हालांकि वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इसके वायरल होने से इलाके में भय और आक्रोश कई गुना बढ़ गया है।
मृतक के परिजनों ने गांव के ही तेजी लाल चौधरी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और घटना से एक दिन पहले भी कहासुनी हुई थी।
परिजनों का आरोप है कि उन्होंने पहले ही पुलिस को सूचना दी थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अगर समय रहते कदम उठाया जाता, तो शायद रघुनाथ की जान बच सकती थी।
सड़क पर शव रखकर चक्काजाम, पुलिस पर लापरवाही के आरोप
घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने रविवार को कैमोर रोड पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। काफी समझाइश और कार्रवाई के आश्वासन के बाद जाम समाप्त कराया गया।
पुलिस का पक्ष जांच जारी, रिपोर्ट का इंतजार
कुठला थाना प्रभारी राजेंद्र मिश्रा का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आग लगने से मौत का प्रतीत हो रहा है। शव का पोस्टमार्टम करा लिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
वहीं नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और पीड़ित पक्ष के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
इस पूरी घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं क्या यह महज एक हादसा है या फिर पुरानी रंजिश में रची गई साजिश। वायरल वीडियो की सच्चाई क्या है। जब तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के नतीजे सामने नहीं आते, तब तक यह मामला रहस्य बना हुआ है।
कछगवां की यह घटना न सिर्फ एक परिवार के लिए त्रासदी है, बल्कि कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करती है। अगर परिजनों के आरोप सही साबित होते हैं, तो यह सिर्फ एक हत्या नहीं, बल्कि सिस्टम की बड़ी विफलता भी मानी जाएगी।
फिलहाल पूरा गांव न्याय की मांग पर अड़ा है। कछगवां की घटना सिर्फ एक मौत नहीं, बल्कि कई सवाल खड़े करती है। अगर पहले हुए विवाद पर समय रहते कार्रवाई होती, तो क्या यह घटना टल सकती थी? हर बार की तरह, अब भी सच सामने आने का इंतजार है,लेकिन तब तक एक परिवार उजड़ चुका है और सिस्टम कटघरे में खड़ा है।
