जिले का बेटा बना देश की शान, काहिरा में जीता रजत पदक अंतरराष्ट्रीय मंच पर चमका हेमंत, मिस्र में जीता पदक

0

जिले का बेटा बना देश की शान, काहिरा में जीता रजत पदक अंतरराष्ट्रीय मंच पर चमका हेमंत, मिस्र में जीता पदक
कटनी।। जिले के विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कैमोर के ग्राम गड़गड़हुआ (गुड़गढ़ौहा) निवासी हेमंत बर्मन ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे कटनी जिले को गौरवान्वित किया है। मिस्र की राजधानी काहिरा में आयोजित आईएसएसएफ जूनियर वर्ल्ड कप प्रतियोगिता में हेमंत ने 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन स्पर्धा में रजत पदक हासिल कर इतिहास रच दिया।
हेमंत बर्मन ने इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में अपनी उच्च स्तरीय एकाग्रता, बेहतरीन तकनीकी दक्षता और अद्भुत मानसिक संतुलन का परिचय देते हुए विश्वस्तरीय खिलाड़ियों के बीच अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। कठिन प्रतिस्पर्धा के बीच उनका यह प्रदर्शन न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि पूरे क्षेत्र और जिले के लिए गर्व का विषय बन गया है।
विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत कैमोर के ग्राम गड़गड़हुआ जैसे छोटे से गांव से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचना और वहां देश का नाम रोशन करना हेमंत की कड़ी मेहनत, लगन और समर्पण का परिणाम है। उनकी इस सफलता से क्षेत्र के युवाओं में भी खेलों के प्रति नया उत्साह और प्रेरणा जागृत हुई है।
हेमंत की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि हेमंत आने वाले समय में और भी बड़ी उपलब्धियां हासिल कर जिले और देश का नाम रोशन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed