जोबाटोला के ग्रामीणों द्वारा कुंए का मटमैला पानी पीने के खबर का विभाग ने किया खण्डन
मोहम्मद शाकिब खान मुख्य संवाददाता गौरेला
गौरेला पेंड्रा मरवाही, 30 अप्रैल 2026/कार्यपालन अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जी न्यूज चैनल में प्रसारित ‘‘कुंए का मटमैला पानी पीने ग्रामीण मजबूर‘‘ खबर का खण्डन किया है। विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि गौरेला विकासखण्ड के ग्राम पंचायत पीपरखुटी के जोबाटोला बसाहट के ग्रामीणों द्वारा कुंए के मटमैला पानी पीने की खबर प्रसारित हुई थी। इस खबर पर विभाग द्वारा निरीक्षण एवं ग्रामीणों से चर्चा करने पर पाया गया कि ग्रामीणों द्वारा कुंए की सफाई की जा रही थी। कुंए का पानी पीने के लिए उपयोग में नहीं लिया जा रहा था। विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जोबाटोला बसाहट में चार हैंण्डपंप स्थापित है, सभी हैंण्डपंप चालू है। इस बसाहट में जनसंख्या के मान से हैण्डपंप पर्याप्त हैं। ग्रामीणों द्वारा कुंए का मटमैला पानी पीने की खबर का विभाग द्वारा खण्डन किया जाता है।