जीपीएम गौरव दिवस मनाया गया, छत्तीसगढ़ के प्रथम मुख्यमंत्री अजीत जोगी को पुण्य स्मरणांजली अर्पित की गई।
मोहम्मद शाकिब खान मुख्य संवाददाता गौरेला
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही,
छत्तीसगढ़ राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री स्व अजीत जोगी का 80वां जन्मदिन जिले में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर को “जीपीएम गौरव दिवस” के रूप में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं आम नागरिक शामिल हुए।
कार्यक्रम में मरवाही के पूर्व विधायक अमित जोगी भी उपस्थित रहे। शाम लगभग 5 बजे जोगी समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई, जहां गौरेला-पेंड्रा-मरवाही सहित बिलासपुर, रायपुर, मनेंद्रगढ़, अमरकंटक, लोरमी, मुंगेली और पंडरिया से आए लोगों ने स्व. जोगी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर आयोजित संगोष्ठी में जोगी जी के साथ कार्य कर चुके नेताओं एवं सहयोगियों ने उनके राजनीतिक जीवन, संघर्ष और जनसेवा से जुड़े अनुभव साझा किए। वक्ताओं ने उन्हें दूरदर्शी नेता बताते हुए उनके योगदान को अविस्मरणीय बताया।
जोगी समाधि स्थल पर दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और कार्यक्रम में भारी जनसमूह की उपस्थिति देखने को मिली।