आदतन बदमाश छोटा बाबर पर NSA, सीधे केंद्रीय जेल जबलपुर पहुंचा बदमाश अब सलाखों के पीछे
आदतन बदमाश छोटा बाबर पर NSA, सीधे केंद्रीय जेल जबलपुर पहुंचा बदमाश अब सलाखों के पीछे
कटनी।। जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने आदतन अपराधी हसन अली उर्फ छोटा बाबर पर बड़ी कानूनी कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत निरुद्ध कराया है। जिला दंडाधिकारी के आदेश के बाद आरोपी को केंद्रीय जेल जबलपुर भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में जिले में गुंडों, हिस्ट्रीशीटरों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार कठोर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक द्वारा अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राखी पांडे एवं उनकी टीम द्वारा थाना क्षेत्र के सक्रिय अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी। जांच के दौरान आदतन अपराधी हसन अली उर्फ छोटा बाबर पिता अब्दुल वहाब अली निवासी आजाद नगर थाना रंगनाथ नगर जिला कटनी के आपराधिक रिकॉर्ड एवं गतिविधियों का विस्तृत परीक्षण किया गया। पुलिस जांच में पाया गया कि आरोपी की लगातार आपराधिक गतिविधियां क्षेत्र की शांति एवं कानून व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा बनी हुई थीं।
इसके बाद कोतवाली पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम 1980 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव तैयार कर जिला दंडाधिकारी को भेजा गया। प्रकरण की समीक्षा उपरांत जिला दंडाधिकारी ने धारा 3(2) के तहत आदेश जारी करते हुए आरोपी को केंद्रीय जेल जबलपुर में निरुद्ध किए जाने के निर्देश दिए।
आदेश के पालन में आरोपी हसन अली उर्फ छोटा बाबर उम्र 32 वर्ष को पुलिस अभिरक्षा में केंद्रीय जेल जबलपुर भेज दिया गया है। थाना प्रभारी राखी पांडे ने बताया कि कटनी पुलिस आमजन में भयमुक्त वातावरण बनाए रखने एवं अपराधियों में कानून का भय पैदा करने के लिए प्रतिबद्ध है। भविष्य में भी जिले के आदतन एवं सक्रिय अपराधियों के खिलाफ इसी प्रकार की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।