महानदी में रेत माफियाओं पर चला जेसीबी का पंजा, विजयराघवगढ़ पुलिस ने बंद किए अवैध रास्ते नदी में नहीं दौड़ेंगे अब रेत के वाहन खनन पर रोक के बावजूद नदी में बनाए गए थे गुप्त मार्ग,सख्त कार्रवाई कर रेत कारोबारियों को दिया कड़ा संदेश
महानदी में रेत माफियाओं पर चला जेसीबी का पंजा, विजयराघवगढ़ पुलिस ने बंद किए अवैध रास्ते नदी में नहीं दौड़ेंगे अब रेत के वाहन
खनन पर रोक के बावजूद नदी में बनाए गए थे गुप्त मार्ग,सख्त कार्रवाई कर रेत कारोबारियों को दिया कड़ा संदेश
कटनी।। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए विजयराघवगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महानदी में जाने वाले कई अवैध रास्तों को जेसीबी मशीन से खुदवाकर बंद कर दिया। इस कार्रवाई का उद्देश्य नदी से अवैध रूप से रेत निकालने वाले कारोबारियों की गतिविधियों पर रोक लगाना है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं एसडीओपी वीरेन्द्र धार्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह अभियान चलाया। पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि महानदी से रेत उत्खनन एवं परिवहन के लिए किसी भी वैध कंपनी को अनुमति नहीं होने के बावजूद कुछ लोग अवैध रूप से नदी में रास्ते बनाकर रेत निकाल रहे हैं।
जांच के दौरान पाया गया कि थाना क्षेत्र के ग्राम खजुरा, हन्तला, भिम्पार, घुनौर, खिरवा नंबर-1 तथा चेहला टोला खिरवा से होकर महानदी तक पहुंचने के लिए अवैध मार्ग तैयार किए गए थे। इन रास्तों के माध्यम से भारी वाहन नदी के भीतर जाकर रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन कर रहे थे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जेसीबी मशीन की मदद से इन मार्गों पर गहरे गड्ढे खुदवाकर उन्हें पूरी तरह बंद कर दिया। पुलिस का मानना है कि रास्ते बंद होने से अवैध रेत कारोबारियों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा।
थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने बताया कि अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उसके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस-प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध रेत खनन या परिवहन की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे, प्रधान आरक्षक मुकेश परस्ते, आरक्षक पप्पू प्रजापति तथा चालक मज्जू कोल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के लिए अवैध रेत खनन पर रोक अत्यंत आवश्यक है। विजयराघवगढ़ पुलिस की यह कार्रवाई न केवल कानून व्यवस्था को मजबूत करेगी, बल्कि नदी पारिस्थितिकी और स्थानीय पर्यावरण के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान देगी।