शहरी परिवहन को मिलेगी नई रफ्तार इलेक्ट्रिक बसें, आधुनिक बस टर्मिनल और 15 चार्जिंग स्टेशन को मंजूरी बैठक में शहर को हरित, स्मार्ट और आधुनिक परिवहन नेटवर्क देने के लिए लिए गए बड़े फैसले
शहरी परिवहन को मिलेगी नई रफ्तार इलेक्ट्रिक बसें, आधुनिक बस टर्मिनल और 15 चार्जिंग स्टेशन को मंजूरी
बैठक में शहर को हरित, स्मार्ट और आधुनिक परिवहन नेटवर्क देने के लिए लिए गए बड़े फैसले
कटनी।। शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। दीनदयाल कटनी सिटी बस सर्विसेस लिमिटेड की 20वीं बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स बैठक में शहर के परिवहन ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक की अध्यक्षता कंपनी के अध्यक्ष एवं कलेक्टर आशीष तिवारी ने की।
बैठक में कटनी को इलेक्ट्रिक मोबिलिटी हब के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। शहर के पांच प्रमुख स्थानों—प्रियदर्शिनी बस स्टैंड, झिंझरी बस स्टैंड, माधवनगर मित्तल कार्यालय के समीप, कलेक्ट्रेट के सामने तथा माधवनगर उपकार्यालय परिसर में चार्जिंग स्टेशन, कैफेटेरिया एवं पे-एंड-यूज स्मार्ट शौचालयों का निर्माण किया जाएगा। इससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा।
झिंझरी बस स्टैंड बनेगा आधुनिक ट्रांजिट हब
बैठक में झिंझरी बस स्टैंड को आधुनिक स्वरूप देने के लिए बस शेड, कैनोपी, फ्रंट एलिवेशन, लिफ्ट, कंट्रोल रूम, सीसीटीवी निगरानी, मीटिंग हॉल एवं कार्यालय निर्माण जैसे अधोसंरचनात्मक कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए अतिरिक्त भूमि उपलब्ध कराने की अनुशंसा भी की गई।
कटनी-रीवा और जबलपुर मार्ग पर दौड़ेंगी इलेक्ट्रिक बसें
बैठक में जानकारी दी गई कि चार इंटरसिटी इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए योलो बस प्राइवेट लिमिटेड के साथ अनुबंध किया जा चुका है। इनमें दो बसें कटनी-रीवा मार्ग तथा दो बसें कटनी-जबलपुर मार्ग पर संचालित की जाएंगी। इससे यात्रियों को सुविधाजनक, किफायती और प्रदूषण मुक्त परिवहन विकल्प उपलब्ध होगा।
15 नए चार्जिंग स्टेशन होंगे स्थापित
प्रधानमंत्री ई-ड्राइव योजना के अंतर्गत कटनी शहर में 15 नए इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। इनमें कलेक्ट्रेट, तिलक कॉलेज, गर्ल्स कॉलेज, मुड़वारा रेलवे स्टेशन और अन्य प्रमुख सरकारी परिसरों को शामिल किया गया है। यह पहल इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने और हरित परिवहन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
शहर के लिए बनेगा व्यापक मोबिलिटी प्लान
भविष्य की परिवहन आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए शहर के लिए कॉम्प्रिहेंसिव मोबिलिटी प्लान तैयार करने की अनुशंसा की गई है। यह योजना आने वाले वर्षों में कटनी के यातायात प्रबंधन, सड़क नेटवर्क और सार्वजनिक परिवहन विस्तार की दिशा तय करेगी।
पीपीपी मॉडल से बढ़ेगी आय, ई-वाहनों को मिलेगा प्रोत्साहन
परिवहन कंपनी की आय बढ़ाने के लिए शहर में डिजिटल एवं गैर-डिजिटल मीडिया डिस्प्ले लगाने हेतु पीपीपी मॉडल पर कार्य किया जाएगा। वहीं कंपनी के कार्यालयीन कार्यों के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों को आउटसोर्स आधार पर लेने का निर्णय भी लिया गया है।
आउटसोर्स कर्मचारियों को राहत
बैठक में एनयूएलएम के माध्यम से कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवाओं की अवधि एक वर्ष बढ़ाने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई, जिससे कर्मचारियों को राहत मिलेगी।
शहर के विकास की दिशा में बड़ा कदम
बैठक में लिए गए निर्णय कटनी को आधुनिक, स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन व्यवस्था की ओर ले जाएंगे। इलेक्ट्रिक बसों का संचालन, चार्जिंग नेटवर्क का विस्तार और आधुनिक बस टर्मिनलों का विकास न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देगा, बल्कि शहर को स्मार्ट और टिकाऊ शहरी विकास की दिशा में भी आगे बढ़ाएगा।