योग से स्वस्थ जीवन का संदेश, जिले भर में हजारों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास माधवनगर में जिला स्तरीय आयोजन, मंत्री, कलेक्टर और एसपी रहे शामिल, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत हुआ पौधारोपण
योग से स्वस्थ जीवन का संदेश, जिले भर में हजारों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास
माधवनगर में जिला स्तरीय आयोजन, मंत्री, कलेक्टर और एसपी रहे शामिल, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत हुआ पौधारोपण
कटनी।। बारहवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिले भर में रविवार सुबह उत्साह और सहभागिता के साथ सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस वर्ष की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” को केंद्र में रखते हुए स्कूलों, महाविद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों एवं विभिन्न संस्थानों में बड़ी संख्या में नागरिकों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। जिला मुख्यालय पर मुख्य कार्यक्रम शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, माधवनगर में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मेन्द्र सिंह लोधी, कलेक्टर आशीष तिवारी एवं पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा सहित जिले के प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने सहभागिता की।
इस अवसर पर आयोजित विशेष योग सत्र में उपस्थित लोगों ने प्रशिक्षकों के निर्देशन में विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना से हुई, जिसके बाद चालन क्रियाओं के साथ ताड़ासन, वृक्षासन, पादहस्तासन, अर्द्ध चक्रासन, त्रिकोणासन, दंडासन, भद्रासन, वज्रासन, उष्ट्रासन, शशकासन, वक्रासन, मकरासन, भुजंगासन, शलभासन, सेतुबंधासन, उत्थानपादासन, पवनमुक्तासन एवं शवासन सहित अनेक योग क्रियाएं कराई गईं। इसके साथ ही कपालभाति, अनुलोम-विलोम, शीतली एवं भ्रामरी प्राणायाम तथा ध्यान एवं शांति पाठ भी कराया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से अंतर्राष्ट्रीय पहचान मिली है। आज विश्वभर में योग दिवस मनाया जा रहा है और योग व्यक्ति को मानसिक एवं शारीरिक रूप से स्वस्थ बनाए रखने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
कलेक्टर आशीष तिवारी ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस भारत की वैश्विक पहचान का प्रतीक बन चुका है। नियमित योग से शरीर स्वस्थ और मन संतुलित रहता है तथा बेहतर जीवनशैली विकसित होती है।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का भी सीधा प्रसारण किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने देखा और सुना। योगाभ्यास पूर्ण होने के बाद अतिथियों को गुलमोहर के पौधे भेंट किए गए।
योग कार्यक्रम के समापन पर राज्य मंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी, कलेक्टर आशीष तिवारी एवं पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने विद्यालय परिसर में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
जिले भर में आयोजित योग कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ी तथा बड़ी संख्या में लोगों ने नियमित योग करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में संयुक्त कलेक्टर जितेन्द्र पटेल, एसडीएम प्रमोद चतुर्वेदी, जिला भाजपा अध्यक्ष, पर्यावरणविद् एवं मानव जीवन विकास समिति के सचिव निर्भय सिंह, डीईओ राजेश अग्रहरी , जिला आयुष अधिकारी आशीष रेजा, जिला श्रम अधिकारी केबी मिश्रा, जिला संयोजक आदिम जति विमल चौरसिया, जिला पंजीयक पंकज कोरी, सहायक संचालक महिला एवं बाल विकास वनश्री कुर्वेती सहित बड़ी संख्या में नागरिकों, विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं के सदस्यों, शासकीय अधिकारी- कर्मचारियों और छात्र- छात्राओं ने योगाभ्यास किया।