मोहर्रम पर्व की तैयारियों का महापौर ने लिया जायजा, सौहार्द और व्यवस्था पर दिया विशेष जोर

0

मोहर्रम पर्व की तैयारियों का महापौर ने लिया जायजा, सौहार्द और व्यवस्था पर दिया विशेष जोर
कटनी।। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से महापौर श्रीमती प्रीति सूरी ने मंगलवार सायंकाल मेयर इन काउंसिल सदस्यों एवं नगर निगम अधिकारियों के साथ मदन मोहन चौबे वार्ड एवं गाटर घाट स्थित कर्बला शरीफ पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने पर्व में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, आवागमन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को समय रहते सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।
महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि मोहर्रम केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि नगर की सामाजिक एकता, आपसी सम्मान और सांस्कृतिक समरसता का भी प्रतीक है। ऐसे आयोजनों में प्रशासन और समाज के संयुक्त प्रयासों से ऐसा वातावरण बनाया जाना चाहिए, जहां सभी श्रद्धालु सहजता, सुरक्षा और सम्मान के साथ शामिल हो सकें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो तथा आवश्यकता पड़ने पर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान मेयर इन काउंसिल सदस्य, पार्षदगण, समाजसेवी एवं नगर निगम के संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
महापौर ने संदेश दिया हैं कि त्योहार केवल परंपराएं नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने वाले अवसर होते हैं। मोहर्रम का पर्व शांति, अनुशासन, आपसी सम्मान और भाईचारे की भावना को और मजबूत करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed