गौरेला: जामा मस्जिद पेण्ड्रारोड में मुतवल्ली का कार्यकाल खत्म हुए बीते कई साल, वक्फ बोर्ड के आदेश के बाद भी अब तक नहीं हुआ चुनाव

0

मोहम्मद शाकिब खान मुख्य संवाददाता गौरेला

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही (GPM): जिले के पेण्ड्रारोड स्थित जामा मस्जिद में नए मुतवल्ली के चुनाव को लेकर लगातार पत्राचार के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हो सकी है। अंजुमन इस्लामिया कमेटी के पूर्व मुतवल्ली का कार्यकाल साल 2023 में ही समाप्त हो चुका है, लेकिन आज दिनांक तक चुनाव प्रक्रिया ठंडे बस्ते में है।

 

क्या है पूरा मामला?

प्राप्त दस्तावेजों के अनुसार, अंजुमन इस्लामिया कमेटी जामा मस्जिद पेण्ड्रारोड के पूर्व मुतवल्ली का कार्यकाल 23 अगस्त 2023 को समाप्त हो गया था। इसके पश्चात अवाम और मुक्तदियों द्वारा निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग लगातार उठाई जा रही है।

 

इस संबंध में छ.ग. राज्य वक्फ बोर्ड, रायपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को पूर्व में 23 अप्रैल 2026 को भी आवेदन प्रस्तुत कर चुनाव समिति के गठन की मांग की गई थी। लेकिन आज दिनांक तक चुनाव से संबंधित कोई भी कार्यवाही नहीं होने पर, 13 जून 2026 को मोहम्मद मुख्तदर (जामा मस्जिद के पास, पेण्ड्रारोड) द्वारा एक बार फिर स्मरण पत्र लिखा गया है।

 

पांच सदस्यीय समिति का प्रस्ताव

नए मुतवल्ली का चुनाव सुचारू और विधिवत रूप से संपन्न कराने के लिए स्थानीय स्तर पर एक पांच सदस्यीय चुनाव समिति का नाम प्रस्तावित कर वक्फ बोर्ड को भेजा गया है। इस प्रस्तावित समिति में निम्नलिखित नाम शामिल हैं:

मो. समीम इराकी , इशराक अहमद , इरफान अहमद , अमीनुद्दीन, अहमद खान (अधिवक्ता), अनवर परवेज

 

जिला प्रशासन की देखरेख में चुनाव की मांग

आवेदक द्वारा यह स्पष्ट मांग की गई है कि उपरोक्तानुसार चुनाव समिति का गठन जिला प्रशासन के किसी वरिष्ठ अधिकारी की अध्यक्षता में किया जाए, ताकि मुतवल्ली का चुनाव निष्पक्ष, विधिवत एवं सुचारू रूप से सम्पादित किया जा सके।

 

गौरतलब है कि साल 2023 में भी वक्फ बोर्ड ने चुनाव कराने संबंधी मार्गदर्शिका जारी करते हुए प्रक्रिया पालन के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद आज तक चुनाव संपन्न न होना व्यवस्था पर कई सवाल खड़े करता है। इस पत्र की प्रतिलिपि जिले के कलेक्टर और पेण्ड्रारोड के अनुविभागीय अधिकारी (SDM) को भी सूचनार्थ प्रेषित की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed