फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ कराने नगर निगम का सतत अभियान जारी सात प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, सुरक्षा मानकों के पालन और नियमित मेंटेनेंस के दिए निर्देश

0

फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ कराने नगर निगम का सतत अभियान जारी
सात प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, सुरक्षा मानकों के पालन और नियमित मेंटेनेंस के दिए निर्देश
कटनी। शहर में जन सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नगर निगम द्वारा अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने के उद्देश्य से निरीक्षण एवं जागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है। निगमायुक्त तपस्या परिहार के निर्देशन में गठित संयुक्त टीम व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, होटलों, लॉज, कोचिंग संस्थानों एवं सार्वजनिक भवनों में फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं की जांच कर रही है तथा आवश्यक सुधार सुनिश्चित करा रही है। नगर निगम प्रशासन का उद्देश्य संभावित अग्नि दुर्घटनाओं की स्थिति में जन-धन की हानि को रोकना तथा सभी सुरक्षा संसाधनों को प्रभावी एवं क्रियाशील बनाए रखना है। इसी क्रम में गुरुवार को बरगवां क्षेत्र स्थित सात प्रमुख प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकांश स्थानों पर अग्नि सुरक्षा उपकरण स्थापित पाए गए, हालांकि कुछ स्थानों पर उनके नियमित रखरखाव एवं परीक्षण में कमी सामने आई। कार्यपालन यंत्री श्री अंशुमान सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि निरीक्षण के दौरान एमपी 21 होटल एंड बार, इंडियन कॉफी हाउस, कल्प रेस्टोरेंट, आस्था प्लाजा, विशाल मेगा मार्ट, पंजाब सिंध बैंक एवं एक्सिस बैंक की फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया। संबंधित संचालकों को सुरक्षा उपकरणों का नियमित मेंटेनेंस, निर्धारित मानकों का पालन तथा आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही नियमानुसार नोटिस जारी करने की प्रक्रिया भी प्रारंभ की गई है। नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक उपयोग वाले सभी भवनों एवं प्रतिष्ठानों में अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता के साथ-साथ उनका समय-समय पर परीक्षण, सुरक्षित निकासी मार्ग, आपातकालीन व्यवस्थाएं तथा अन्य निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य है। जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। निगम ने नागरिकों एवं प्रतिष्ठान संचालकों से अपील की है कि अग्नि सुरक्षा को केवल औपचारिकता न मानें, बल्कि इसे जनहित और सामूहिक सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी समझें। सुरक्षित प्रतिष्ठान और जिम्मेदार प्रबंधन ही दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम कर सकते हैं। यह अभियान आगामी दिनों में भी निरंतर जारी रहेगा। निरीक्षण के दौरान उपयंत्री हिमांशु गौतम, अतिक्रमण प्रभारी मानेन्द्र सिंह, स्वच्छता निरीक्षक निशांत कनौजिया, प्रभारी फायर अधीक्षक शैलेन्द्र दुबे सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed