DEO रजनीश तिवारी ने किया स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय पेंड्रा का आकस्मिक निरीक्षण बिना अनुमति गायब रहने पर प्रभारी प्राचार्य का 3 दिन का वेतन काटने के दिए निर्देश
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी ने आज स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय पेंड्रा का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अनुशासनहीनता पाए जाने पर उन्होंने प्रभारी प्राचार्य के 3 दिन का वेतन काटने के निर्देश जारी किए।
DEO ने सबसे पहले मध्याह्न भोजन कर रहे बच्चों से जानकारी ली और बच्चों से पढ़ाई के संबंध में चर्चा की। इसके बाद उन्होंने स्कूल के समस्त स्टाफ की बैठक लेकर सबको शुरुआत से ही अच्छी मेहनत करने प्रेरित किया और फिर सभी शिक्षकों से अंग्रेजी, विज्ञान और गणित विषय के पिछले सत्र के रिजल्ट के बारे में एक एक कर सभी से जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि प्रभारी प्राचार्य बिना किसी पूर्व सूचना और अनुमति के स्कूल से अनुपस्थित थे
इस गंभीर लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए DEO रजनीश तिवारी ने तत्काल प्रभारी प्राचार्य के 3 दिन का वेतन काटने और कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश दिए।
DEO ने स्टाफ को निर्देश दिए कि –
1. समय पर स्कूल आएं और बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान दें।
2. कमजोर बच्चों के लिए अतिरिक्त कक्षाएं लगाई जाएं।
3. अंग्रेजी बोलचाल पर भी जोर दिया जाए ताकि बच्चे प्रतियोगी परीक्षाओं में आगे बढ़ें।
4. स्कूल परिसर को साफ-सुथरा और अनुशासित रखा जाए।
DEO ने कहा कि स्वामी आत्मानंद स्कूल गरीब और मध्यम वर्ग के बच्चों के लिए वरदान है। यहां शिक्षा की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा। जो भी अधिकारी-कर्मचारी लापरवाही बरतेगा उस पर सख्त कार्रवाई होगी।
इस दौरान नोडल अधिकारी आलोक शुक्ला सहित स्कूल के शिक्षक व अन्य स्टाफ मौजूद रहे।