सीएम हेल्पलाइन शिकायत पर त्वरित कार्रवाई, मरवाही में अवैध रेत भंडारण स्थल सील

0

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देश पर जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध खनिज विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायत के आधार पर मरवाही के सिवनी चौक स्थित अवैध रेत भंडारण स्थल को सील कर दिया गया तथा रेत परिवहन में लगे दो ट्रैक्टर वाहनों को जब्त किया गया।

 

खनिज विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार सिवनी चौक में रेत के अवैध भंडारण की शिकायत सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त हुई थी। शिकायत के बाद विभाग ने संबंधित भंडारणकर्ता को 15 जुलाई 2026 को वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने हेतु नोटिस जारी किया था, लेकिन निर्धारित समयावधि में जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके चलते छत्तीसगढ़ खनिज (खनन, परिवहन तथा भंडारण) नियम 2009 के तहत मौके पर ही भंडारण स्थल को सील कर दिया गया।

 

इसके अलावा मरवाही क्षेत्र में एक ट्रैक्टर वाहन अवैध रेत परिवहन करते पाए जाने पर जब्त कर मरवाही थाने में सुरक्षित रखा गया। वहीं पिपरिया से अवैध रेत परिवहन की शिकायत पर भी विभाग ने एक ट्रैक्टर वाहन जब्त किया है।

 

विभाग ने बताया कि सभी प्रकरणों में खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21(1), 21(5) एवं 23(क) के तहत कार्रवाई की जा रही है। अवैध भंडारणकर्ता और परिवहनकर्ता से निर्धारित अर्थदंड की राशि जमा कराने के बाद ही प्रकरण का निराकरण किया जाएगा।

 

कलेक्टर विजय दयाराम के. ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सीएम हेल्पलाइन से संबंधित शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

 

कार्रवाई में सहायक खनि अधिकारी आदित्य मानकर, खनि निरीक्षक सुजीत कवर, शिवकुमार लहरे, सतीश साहू एवं साहिब गनी सैनिक शामिल रहे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!