बरही में भीषण सड़क हादसा: बेकाबू बस ने मचाई तबाही, कई वाहन क्षतिग्रस्त, बाल-बाल बचे लोग बरही
बरही में भीषण सड़क हादसा: बेकाबू बस ने मचाई तबाही, कई वाहन क्षतिग्रस्त, बाल-बाल बचे लोग

बरही (कटनी)।। जिले के बरही नगर में बुधवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब गहरवार बस सर्विस की एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित बस ने सड़क किनारे खड़े एवं गुजर रहे कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक बाइक, स्कूटी, कार और ठेला-टपरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा- तफरी मच गई और लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस तेज गति से नगर के भीतर से गुजर रही थी। अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और बस ने एक के बाद एक कई वाहनों को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि लोग समय रहते वहां से नहीं हटते तो बड़ा जनहानि का हादसा हो सकता था।
घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और देखते ही देखते भारी भीड़ जमा हो गई। हादसे के कारण कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलते ही बरही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए यातायात व्यवस्था बहाल कराई।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर में भारी वाहनों की तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रही है। लोगों ने प्रशासन से दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने, नगर में भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण लगाने तथा यातायात व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है तथा संभावित घायलों और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।