महर्षि सांदीपनि गुरु पर्व पर गुरु-शिष्य परंपरा का हुआ स्मरण कन्या महाविद्यालय में भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ के तहत गरिमामय आयोजन, छात्राओं को दिए संस्कार और नैतिक मूल्यों के संदेश

0

महर्षि सांदीपनि गुरु पर्व पर गुरु-शिष्य परंपरा का हुआ स्मरण
कन्या महाविद्यालय में भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ के तहत गरिमामय आयोजन, छात्राओं को दिए संस्कार और नैतिक मूल्यों के संदेश


कटनी।। उच्च शिक्षा विभाग, मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार शासकीय कन्या महाविद्यालय, कटनी में भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ के तत्वावधान में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर महर्षि सांदीपनि गुरु पर्व का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। आयोजन का उद्देश्य भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा के आदर्शों का स्मरण कर छात्राओं में ज्ञान, संस्कार, अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता विकसित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ महर्षि सांदीपनि के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर प्राध्यापकों एवं छात्राओं ने गुरु के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए भारतीय ज्ञान परंपरा के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि के रूप में महाविद्यालय की भूतपूर्व प्राचार्य डॉ. साधना जैन एवं संध्या निगम उपस्थित रहीं। अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात ने गुरु पूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए महर्षि वेदव्यास के साहित्यिक एवं आध्यात्मिक योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि गुरु केवल शिक्षा देने वाले शिक्षक नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाले मार्गदर्शक होते हैं, जिनके मार्गदर्शन से व्यक्तित्व का समग्र विकास संभव होता है।
मुख्य अतिथि डॉ. साधना जैन ने महर्षि सांदीपनि एवं उनके शिष्य भगवान श्रीकृष्ण के आदर्श गुरु-शिष्य संबंधों का उल्लेख करते हुए गुरु के प्रति श्रद्धा, समर्पण और सेवा भाव को जीवन का आधार बताया। वहीं संध्या निगम ने कहा कि गुरु ही व्यक्ति के जीवन में ज्ञान, संस्कार, चरित्र और नैतिक मूल्यों का संचार करते हैं तथा समाज निर्माण में उनकी भूमिका सर्वोपरि होती है।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को एकलव्य एवं गुरु द्रोणाचार्य की प्रेरणादायक कथा पर आधारित वीडियो का प्रदर्शन किया गया, जिससे उन्हें निष्ठा, अनुशासन, समर्पण और आत्मविश्वास जैसे जीवन मूल्यों की प्रेरणा मिली। तकनीकी सहयोग भीम बर्मन ने प्रदान किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के अंतर्गत छात्राओं वंदना सिंह, खुशी विश्वकर्मा एवं कीर्ति ने गीत एवं कविता प्रस्तुत कर कार्यक्रम को भावपूर्ण बना दिया। कार्यक्रम का संचालन रश्मि सिंह ने किया, जबकि प्रियंका सोनी ने आभार व्यक्त किया। आयोजन को सफल बनाने में भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ की प्रभारी डॉ. रोशनी पाण्डेय, स्मृति दहायत, श्वेता कोरी एवं मीनाक्षी वर्मा का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्राओं की सहभागिता रही।
गुरु-शिष्य परंपरा एवं भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण को समर्पित यह आयोजन छात्राओं के लिए प्रेरणादायी, ज्ञानवर्धक एवं संस्कारमय सिद्ध हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!