सायना इंटरनेशनल स्कूल में हिन्दी दिवस पर सजा काव्य का रंगमंच ओज, श्रृंगार, हास्य और देशभक्ति की कविताओं ने बांधा समां, अंतरसदनीय काव्य पाठ प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

0

सायना इंटरनेशनल स्कूल में हिन्दी दिवस पर सजा काव्य का रंगमंच
ओज, श्रृंगार, हास्य और देशभक्ति की कविताओं ने बांधा समां, अंतरसदनीय काव्य पाठ प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा


कटनी।। सायना इंटरनेशनल स्कूल, कटनी में हिन्दी दिवस के अवसर पर अंतरसदनीय हिन्दी काव्य पाठ प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने ओज, श्रृंगार, हास्य और देशभक्ति से ओतप्रोत कविताओं की प्रभावशाली प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि युवा ओज कवि तुषार भट्टाचार्य ‘तपन’, विद्यालय के प्राचार्य डॉ. आदित्य कुमार शर्मा, मैनेजमेंट प्रतिनिधि ऋषि अरोरा, किड्स प्रभारी डॉ. भारती शर्मा, हेडमास्टर कमल सरेचा एवं समन्वयक श्रीमती रीत मोंगा द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। अतिथियों का स्वागत श्रीमती राजेश्वरी खरे के साथ विद्यालय के वरिष्ठ छात्र राममोहन सिंह परमार, रोहन पंजवानी एवं अंशुमन ने किया। दिनेश शर्मा के मार्गदर्शन में छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम की मनोहारी शुरुआत की। कार्यक्रम का संचालन युवा कवि तुषार भट्टाचार्य तपन ने अपनी ओजपूर्ण कविताओं के साथ किया, जिसने पूरे आयोजन को ऊर्जावान और आकर्षक बना दिया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विभिन्न रसों पर आधारित कविताओं का प्रभावशाली पाठ किया। किसी ने ओज से जोश जगाया, किसी ने श्रृंगार रस से भावनाओं को अभिव्यक्त किया, तो किसी ने हास्य और देशभक्ति की रचनाओं से दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।

प्रतियोगिता परिणाम
कनिष्ठ वर्ग में सफायर हाउस के कैडेट तेजस त्रिपाठी ने प्रथम, रूबी हाउस के सैफ अली ने द्वितीय तथा एमरल्ड हाउस की कैडेट वर्धा त्रिपाठी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं वरिष्ठ वर्ग में रूबी हाउस की यशी गुप्ता प्रथम, सफायर हाउस की ज्योति मिश्रा द्वितीय तथा टोपेज हाउस की शिवांशी सिंह परिहार तृतीय स्थान पर रहीं।
तेजस त्रिपाठी ने अपनी ओजपूर्ण कविता से श्रोताओं में उत्साह का संचार किया, जबकि यशी गुप्ता, ज्योति मिश्रा और शिवांशी सिंह परिहार ने श्रृंगार रस की प्रभावशाली प्रस्तुतियों से सभी को प्रभावित किया।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. आदित्य कुमार शर्मा ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हिन्दी केवल हमारी मातृभाषा ही नहीं, बल्कि अत्यंत वैज्ञानिक भाषा भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से हिन्दी के शुद्ध उच्चारण और समृद्ध भाषा संस्कृति के संरक्षण का आह्वान किया।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. लोकेश दुबे ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन विभाग प्रभारी दिलीप कुमार झा द्वारा आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!