डेंगू नियंत्रण को लेकर स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की संयुक्त बैठक, लार्वा मिलने पर होगी चालानी कार्रवाई

0

डेंगू नियंत्रण को लेकर स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की संयुक्त बैठक, लार्वा मिलने पर होगी चालानी कार्रवाई


कटनी।। मानसून के दौरान मलेरिया, डेंगू एवं चिकनगुनिया जैसे वाहक जनित रोगों की रोकथाम के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राज सिंह ठाकुर के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग एवं नगर निगम कटनी की अंतरविभागीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में रोग नियंत्रण, जनजागरूकता तथा मच्छर जनित परिस्थितियों को समाप्त करने के लिए संयुक्त रणनीति तैयार की गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी, जिला मलेरिया अधिकारी शालिनी नामदेव, मलेरिया निरीक्षक प्रमोद कुमार महार, तीरथ प्रसाद बैगा, एसआई संदीप बंसल, एसआई सुशांत सिंह सहित नगर निगम के सभी शहरी वार्डों के वार्ड दरोगा एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग एवं नगर निगम के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्ययोजना पर चर्चा की गई। साथ ही उपलब्ध कीटनाशकों के समुचित उपयोग, लार्वा सर्वे, फॉगिंग, साफ-सफाई एवं जनजागरूकता अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी ने निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर मच्छरों का लार्वा पाया जाएगा, वहां संबंधित लोगों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही सभी वार्ड दरोगाओं को नियमित लार्वा सर्वे, जलभराव वाले स्थानों की निगरानी एवं लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राज सिंह ठाकुर ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक सप्ताह में कम से कम एक दिन अपने घर एवं आसपास का निरीक्षण अवश्य करें। कूलर, टंकी, गमलों, कबाड़ एवं अन्य जलभराव वाले स्थानों को साफ रखें, ताकि मच्छरों के पनपने की संभावना समाप्त हो सके। उन्होंने नागरिकों से स्वास्थ्य विभाग के अभियान में सहयोग करते हुए कटनी को मलेरिया, डेंगू एवं चिकनगुनिया मुक्त बनाने में भागीदारी निभाने का आग्रह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!