पटाखा साइलेंसर पर कटनी यातायात पुलिस का बड़ा प्रहार, 65 वाहन चालकों पर कार्रवाई मॉडिफाइड साइलेंसर की तेज धमक से सड़क सुरक्षा पर खतरा, 5 वाहनों पर कार्रवाई; ₹41,500 का शमन शुल्क वसूला
पटाखा साइलेंसर पर कटनी यातायात पुलिस का बड़ा प्रहार, 65 वाहन चालकों पर कार्रवाई
मॉडिफाइड साइलेंसर की तेज धमक से सड़क सुरक्षा पर खतरा, 5 वाहनों पर कार्रवाई; ₹41,500 का शमन शुल्क वसूला
कटनी। पटाखा साइलेंसर औरu*प्रदूषण का मामला नहीं रह गई है, बल्कि यह सड़क सुरक्षा और आम नागरिकों की परेशानी का भी गंभीर कारण बनती जा रही है। इसी को देखते हुए कटनी यातायात पुलिस ने मिशन चौक पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 65 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ₹41,500 का शमन शुल्क अधिरोपित किया।
अभियान के दौरान विशेष रूप से पटाखा यानी मॉडिफाइड साइलेंसर लगे 5 वाहनों पर कार्रवाई की गई। इसके अलावा तीन सवारी के 17, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने वाले 11, नो-पार्किंग के 9 तथा शराब पीकर वाहन चलाने के 1 प्रकरण सहित अन्य यातायात उल्लंघनों पर भी कार्रवाई की गई।
अचानक धमाके जैसी आवाज बन सकती है हादसे का कारण
बुलेट और अन्य दोपहिया वाहनों में लगाए जाने वाले मॉडिफाइड अथवा पटाखा साइलेंसर से अचानक निकलने वाली तेज आवाज सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों का ध्यान भटका सकती है और घबराहट पैदा कर सकती है। खासकर भीड़भाड़ वाले इलाकों में अचानक तेज धमाका सुनकर कोई वाहन चालक संतुलन खो सकता है या गलत प्रतिक्रिया दे सकता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे साइलेंसरों से निकलने वाली तेज आवाज पैदल यात्रियों, बुजुर्गों, बच्चों और ध्वनि के प्रति संवेदनशील लोगों के लिए भी परेशानी का कारण बनती है। कमजोर हृदय वाले व्यक्तियों के लिए अचानक होने वाली तेज आवाज विशेष रूप से चिंता का विषय हो सकती है, क्योंकि इससे घबराहट और तनाव जैसी शारीरिक प्रतिक्रिया उत्पन्न हो सकती है। हालांकि किसी व्यक्ति पर इसका प्रभाव उसकी स्वास्थ्य स्थिति पर निर्भर करता है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य तथा उप पुलिस अधीक्षक यातायात रत्नेश मिश्रा के निर्देशन में की गई। अभियान का नेतृत्व यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह ठाकुर ने किया। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पटाखा साइलेंसर, अवैध मॉडिफिकेशन, अत्यधिक ध्वनि उत्पन्न करने वाले वाहन, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाना, तीन सवारी, शराब पीकर वाहन चलाना और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
बार-बार नियम तोड़े तो लाइसेंस पर भी कार्रवाई
पुलिस ने चेतावनी दी है कि यातायात नियमों का बार-बार उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए प्रकरण संबंधित प्राधिकरण को भेजे जाएंगे। वाहन चालकों से हेलमेट, सीट बेल्ट, वैध दस्तावेज और नंबर प्लेट सहित सभी आवश्यक नियमों का पालन करने की अपील की गई है।
कटनी यातायात पुलिस का संदेश साफ है सड़क पर वाहन का शोर नहीं, सुरक्षा जरूरी है। पटाखा साइलेंसर लगाकर दूसरों को परेशान करने के साथ-साथ खुद और अन्य लोगों की जान जोखिम में डालना किसी भी स्थिति में समझदारी नहीं है।