प्रेम नगर के टेंट गोदाम में लगी भीषण आग, दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा समय पर पहुंची नगर निगम की फायर ब्रिगेड, आग को आसपास फैलने से रोका

0

प्रेम नगर के टेंट गोदाम में लगी भीषण आग, दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा
समय पर पहुंची नगर निगम की फायर ब्रिगेड, आग को आसपास फैलने से रोका


कटनी।। किदवई वार्ड के प्रेम नगर स्थित एक टेंट गोदाम में मंगलवार सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। गोदाम में बड़ी मात्रा में टेंट एवं अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी होने के कारण आग के आसपास फैलने की आशंका बनी हुई थी। सूचना मिलते ही नगर निगम के फायर अमले ने तत्काल मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया।
सुबह 10:52 बजे नगर निगम कंट्रोल रूम को थाना एनकेजे क्षेत्र के प्रेम नगर स्थित टेंट गोदाम में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही बस स्टैंड जोन स्थित फायर स्टेशन से दमकल वाहन और प्रशिक्षित फायर कर्मियों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
प्रभारी फायर इंचार्ज शैलेंद्र दुबे के अनुसार दमकल दल ने मौके पर पहुंचते ही स्थिति का आकलन किया और सुनियोजित तरीके से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। फायर कर्मियों की मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई के चलते आग को कुछ ही समय में नियंत्रित कर लिया गया।
दमकल अमले ने आग को आसपास के क्षेत्र और ज्वलनशील सामग्री तक फैलने से रोकने के साथ ही समीपवर्ती स्थानों को भी सुरक्षित किया। समय रहते आग पर नियंत्रण होने से संभावित रूप से होने वाली बड़ी जन-धन की क्षति टल गई।
नगर निगम प्रशासन ने कहा कि आपदा और आपात परिस्थितियों में नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। फायर ब्रिगेड को ऐसी घटनाओं में तत्काल कार्रवाई के लिए चौबीसों घंटे सतर्क रखा जाता है।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों और गोदाम में हुए नुकसान का आकलन संबंधित विभाग द्वारा किया जा रहा है। नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि आग अथवा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम या संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!