फायर सेफ्टी मानकों की खुली पोल हाइड्रेंट-अलार्म और एंट्री-एग्जिट में मिली खामियां अस्पताल-मॉल-प्रतिष्ठानों की अब होगी जांच कमी मिली तो कार्रवाई तय

0

फायर सेफ्टी मानकों की खुली पोल
हाइड्रेंट-अलार्म और एंट्री-एग्जिट में मिली खामियां
अस्पताल-मॉल-प्रतिष्ठानों की अब होगी जांच कमी मिली तो कार्रवाई तय


कटनी।। शहर में संभावित अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम कटनी ने फायर सेफ्टी को लेकर बुधवार को विशेष जांच अभियान चलाया। निगमायुक्त तपस्या परिहार के समय-सीमा बैठक में दिए निर्देशों के अनुपालन में गठित फायर सेफ्टी दल ने बरगवां से माधवनगर मार्ग तक स्थित बहुमंजिला भवनों, अस्पतालों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अग्नि सुरक्षा मानकों में कमियां मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों के विरुद्ध नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू की गई। जांच दल ने स्पष्ट किया कि फायर सेफ्टी मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

चार प्रमुख प्रतिष्ठानों की हुई जांच
नगर निगम उपयंत्री हिमांशु गौतम एवं अतिक्रमण प्रभारी महेंद्र सिंह के अनुसार जांच दल ने हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित जीवन ज्योति हॉस्पिटल, बरगवां स्थित इलेक्ट्रिक स्कूटी एजेंसी, माधवनगर गेट स्थित मनु शिवहरे बिल्डिंग तथा गोलू रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रतिष्ठानों में उपलब्ध फायर सेफ्टी उपकरणों, भवन के वास्तविक उपयोग, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था तथा आपातकालीन प्रवेश एवं निकास मार्गों की जांच की गई।

फायर ऑडिट से लेकर हाइड्रेंट और अलार्म तक में कमियां
निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रतिष्ठानों में फायर ऑडिट रिपोर्ट उपलब्ध नहीं मिली। इसके अलावा कई स्थानों पर हाइड्रेंट सिस्टम, फायर अलार्म तथा आपातकालीन एंट्री-एग्जिट व्यवस्था भी निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई। जांच दल ने संबंधित संचालकों को आवश्यक सुधार तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही नोटिस जारी करने की प्रक्रिया प्रारंभ करते हुए उन्हें आग जैसी आपात स्थिति में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत समझाइश भी दी गई।

निगम की फायर और अतिक्रमण शाखा रही मौजूद
कार्रवाई के दौरान उपयंत्री हिमांशु गौतम, अतिक्रमण प्रभारी महेंद्र सिंह, प्रभारी फायर निरीक्षक शैलेंद्र दुबे सहित नगर निगम की फायर एवं अतिक्रमण शाखा का अमला मौजूद रहा।
निगमायुक्त तपस्या परिहार ने शहर के सभी अस्पतालों, कोचिंग संस्थानों, मॉल, बहुमंजिला भवनों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों से फायर सेफ्टी सहित सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने की अपील की है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर निगम का विशेष फायर सेफ्टी जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। जहां भी सुरक्षा मानकों में लापरवाही, अनियमितता अथवा भवन का गलत प्रयोजन पाया जाएगा, वहां संबंधित भवन स्वामी और संचालक के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!