मुख्यमंत्री के नाम 10 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा, आदिवासी समाज के अधिकारों और स्थानीय रोजगार की उठाई मांग
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। ऑल इंडिया आदिवासी कांग्रेस के पदाधिकारियों एवं आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों ने गुरुवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम जिला कलेक्टर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के माध्यम से 10 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में आदिवासी समाज से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई। प्रमुख मांगों में अनुसूचित जनजाति बहुल क्षेत्रों में 9 अगस्त विश्व आदिवासी दिवस को शासकीय कार्यक्रम के रूप में मनाना, संविधान की पांचवीं अनुसूची एवं पेसा अधिनियम का प्रभावी पालन सुनिश्चित करना तथा ग्राम सभाओं के अधिकारों की रक्षा करना शामिल है।
प्रतिनिधिमंडल ने आदिवासी वर्ग के लिए संचालित शासकीय योजनाओं में 2.50 लाख रुपये की वार्षिक आय सीमा समाप्त करने, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों एवं जनजातीय विभाग के शिक्षण संस्थानों में स्थानीय छत्तीसगढ़ी अभ्यर्थियों की नियुक्ति सुनिश्चित करने, अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए आरक्षण का प्रभावी क्रियान्वयन करने तथा तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के पदों पर स्थानीय आदिवासी युवाओं को प्राथमिकता देने की मांग भी रखी।
ज्ञापन में आदिवासियों के नाम पर संचालित उद्योगों एवं योजनाओं की सूची सार्वजनिक करने, छात्रावासों एवं आश्रमों में आधुनिक सुविधाएं, गुणवत्तापूर्ण भोजन, डिजिटल शिक्षा, खेल संसाधन एवं स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की मांग की गई। साथ ही हाथी एवं भालू प्रभावित क्षेत्रों को विशेष संवेदनशील क्षेत्र घोषित कर जन-धन की सुरक्षा, त्वरित मुआवजा एवं स्थायी समाधान की व्यवस्था करने का भी आग्रह किया गया।
इसके अतिरिक्त ग्राम डोंगरिया निवासी स्वर्गीय नरबदिया बाई की लगभग 15 एकड़ भूमि के कथित फर्जी विक्रय की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई तथा मरवाही विकासखंड के ग्राम पंचायत गुमाटोला अंतर्गत विशेष पिछड़ी जनजाति (बैगा) परिवारों को जनमन योजना के तहत आवास का लाभ दिलाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आदिवासी समाज लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान एडवोकेट अर्चना पोर्ते (राष्ट्रीय समन्वयक, ऑल इंडिया आदिवासी कांग्रेस), गजमति भानु (जिला अध्यक्ष, जिला कांग्रेस कमेटी, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही), बेंचू अहिरेश (जिला अध्यक्ष, आदिवासी कांग्रेस, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही), शंकर कँवर (प्रदेश महासचिव, आदिवासी कांग्रेस), दया वाकरे (जिला अध्यक्ष, सर्व आदिवासी समाज), श्रीमती बून्दकुंवर (जिला पंचायत सदस्य, मरवाही), चंद्रप्रकाश उइके सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।