जिला जीपीएम में कल्चुरी कलार समाज का गठन, संदीप जायसवाल ‘मंजू’ बने जिलाध्यक्ष
गौरेला। जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) में कल्चुरी कलार समाज के सामाजिक संगठन का गठन किया गया। इस संबंध में समाज के स्वजातीय बंधुओं की महत्वपूर्ण बैठक स्थानीय हरिचंदा भवन, गौरेला में आयोजित हुई। बैठक में जिलेभर से पहुंचे समाज के लोगों ने सामाजिक एकता, संगठन की मजबूती और समाज के विकास को लेकर विचार-विमर्श किया। सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन करते हुए विभिन्न पदों पर पदाधिकारियों का चयन किया गया।
बैठक में नगरपालिका परिषद गौरेला के पूर्व उपाध्यक्ष संदीप जायसवाल ‘मंजू’ को सर्वसम्मति से कल्चुरी कलार समाज जिला जीपीएम का अध्यक्ष चुना गया। वहीं मरवाही के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. शिव प्रताप राय एवं पेंड्रा के डॉ. प्रवीण राय को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। निकेश राय को सचिव, पेंड्रा के राय पेट्रोल पंप संचालक भारत कुमार राय को कोषाध्यक्ष तथा मरवाही के विनोद राय एवं पेंड्रा के अजय राय को सहसचिव मनोनीत किया गया।
इसके अलावा कोटमी से मुकेश जायसवाल एवं प्रदीप जायसवाल पांडे, गौरेला से मनीष जायसवाल तथा अजीत जायसवाल को सदस्य के रूप में चुना गया।
समाज के भवन निर्माण सहित कई महत्वपूर्ण निर्णय
नवनियुक्त अध्यक्ष संदीप जायसवाल ‘मंजू’ ने समाज के सभी स्वजातीय बंधुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले में समाज को संगठित और मजबूत बनाने के साथ सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि कल्चुरी कलार समाज के भवन निर्माण के लिए जल्द ही जमीन चिन्हांकित कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराने की दिशा में पहल की जाएगी। इसके साथ ही समाज के प्रत्येक परिवार की सहभागिता से जिले में वृक्षारोपण अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है।
समाज की धरोहर और मार्गदर्शक रहे बुजुर्गों के योगदान को सम्मान देने के लिए विशेष सम्मान समारोह आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में सामाजिक एकता, युवा पीढ़ी को समाज की परंपराओं एवं संस्कारों से जोड़ने तथा समाजहित में सामूहिक रूप से कार्य करने पर भी जोर दिया गया।
संरक्षक, सम्माननीय एवं आजीवन सदस्यों का मनोनयन
कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठ एवं सम्माननीय सदस्यों को संरक्षक, सम्माननीय एवं आजीवन सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया। इनमें जमुना जायसवाल, विजय राय (गौरेला), श्रीमती अरुणा गणेश जायसवाल (पेंड्रा), अजय जायसवाल (मेढ़ुका), रविन्द्र राय (मरवाही), प्रकाश राय (बरगवां), विवेक जायसवाल (पेंड्रा), बृजभूषण जायसवाल (निमधा), अशोक जायसवाल (गौरेला), हुब लाल जायसवाल (नीमधा), दौलत राय (गाया), संजय जायसवाल (जनपद सदस्य, सारबहरा गौरेला), संतोष राय (कुम्हारी) एवं पार्षद गणेश जायसवाल (पेंड्रा) शामिल हैं।
बैठक में समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने नवगठित संगठन को मजबूत बनाने तथा जिले के प्रत्येक क्षेत्र में समाज के लोगों को जोड़ने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में निर्माण जायसवाल ने उपस्थित सभी सामाजिक बंधुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।