जनसुनवाई में पुलिस अधिकारियों ने सुनी आमजन की समस्याएं, त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश
जनसुनवाई में पुलिस अधिकारियों ने सुनी आमजन की समस्याएं, त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश

कटनी।। मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार आमजन की शिकायतों के त्वरित निराकरण एवं प्रभावी समाधान के लिए प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई के क्रम में मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय कटनी में जनसुनवाई आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक कटनी श्री अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में आयोजित जनसुनवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य, डीएसपी सुश्री शिवा पाठक, एसडीओपी विजयराघवगढ़ श्री धीरेन्द्र धार्वे तथा डीएसपी मुख्यालय श्री रत्नेश मिश्रा ने आमजन की समस्याएं एवं शिकायतें सुनीं।अधिकारियों ने प्रत्येक आवेदक की समस्या को प्राथमिकता से सुनते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को शिकायतों की जांच कर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने आवेदकों को उनकी शिकायतों के निराकरण के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया। जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। इनमें मुख्य रूप से पारिवारिक विवाद, आपसी विवाद, पैसों के लेन-देन, पुलिस द्वारा सुनवाई नहीं किए जाने, भूमि एवं प्लॉट संबंधी धोखाधड़ी, महिला अपराध सहित पुलिस से जुड़ी अन्य शिकायतें शामिल रहीं। वहीं, कुछ शिकायतें अन्य विभागों से संबंधित होने पर अधिकारियों द्वारा संबंधित आवेदकों को उचित विभाग में आवेदन प्रस्तुत करने की समझाइश दी गई। पुलिस अधिकारियों ने आमजन को उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक सहयोग एवं कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
