एकतानगर में वरिष्ठ नागरिकों ने किया ध्वजारोहण, वार्डवासियों ने मनाया स्वतंत्रता दिवस
गौरेला। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गौरेला नगर के एकतानगर (सारबहरा वार्ड) में देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। यहां वरिष्ठ नागरिक सैय्यद गौस अली एवं इब्राहिम खान द्वारा विधिवत ध्वजारोहण किया गया। ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देते हुए देश की एकता, अखंडता और सम्मान की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में वार्ड पंच सरवर फारुकी, डॉक्टर ओवेश खान सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे। वरिष्ठ नागरिकों के हाथों ध्वजारोहण कराकर कार्यक्रम में अनुभव और नई पीढ़ी के बीच सम्मान व सहभागिता का संदेश भी देखने को मिला।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों और देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर जवानों को नमन किया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के साथ देशहित में कार्य करने का संकल्प लिया।