राज्य स्तरीय अंग्रेजी ओलंपियाड में ऋषि केवट ने हासिल किया प्रथम स्थान, कलेक्टर ने ट्रॉफी व प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित

0
स्वतंत्रता दिवस समारोह में छात्र की उपलब्धि पर बढ़ाया मान; शिक्षक विमलेश सोनी को भी उत्कृष्ट कार्य के लिए मिला प्रशस्ति पत्र
(जय प्रकाश शर्मा)
मानपुर। नगर परिषद मानपुर अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला खैरवार टोला के होनहार छात्र ऋषि केवट ने राज्य स्तरीय अंग्रेजी ओलंपियाड प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय एवं मानपुर क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। छात्र की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में कलेक्टर उमरिया द्वारा ऋषि केवट को ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले ऋषि केवट की सफलता से विद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों में खुशी का माहौल है। विद्यालय परिवार ने छात्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ऋषि की उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है। निरंतर मेहनत, लगन और शिक्षकों के मार्गदर्शन से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी भी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं।
उत्कृष्ट शिक्षा के लिए शिक्षक विमलेश सोनी भी सम्मानित
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शासकीय प्राथमिक शाला खैरवार टोला के शिक्षक विमलेश सोनी को भी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय कार्य करने के लिए सम्मानित किया गया। मानपुर नगर के स्टेडियम ग्राउंड में आयोजित समारोह के दौरान विधायक सुश्री मीना सिंह द्वारा उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
शिक्षक विमलेश सोनी द्वारा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर शिक्षा प्रदान करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की गई। शिक्षक और छात्र दोनों का सम्मान विद्यालय के लिए गौरव का विषय रहा।
विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में शिक्षकों की अहम भूमिका
विद्यालय परिवार ने कहा कि शिक्षकों की जिम्मेदारी केवल पाठ्यक्रम पूरा करने तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानकर उसे निखारना और उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव तैयार करना भी शिक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी शिक्षक साथी विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण के लिए इसी तरह समर्पित भाव से कार्य करें, जिससे शासकीय विद्यालयों के प्रति अभिभावकों का विश्वास और मजबूत हो।
ऋषि केवट की राज्य स्तरीय उपलब्धि और शिक्षक विमलेश सोनी के सम्मान ने खैरवार टोला प्राथमिक शाला को स्वतंत्रता दिवस पर दोहरी उपलब्धि दिलाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed