दिशा समिति की बैठक में केन्द्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की आजीविका, आवास, जैविक खेती, स्वच्छता, सिंचाई, सड़क एवं कुपोषण के स्तर में सुधार पर विशेष जोर योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन तथा निर्माण कार्यों को समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश

0

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, 18 अगस्त 2026/ सांसद लोकसभा क्षेत्र बिलासपुर एवं केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने आज कलेक्ट्रेट के अरपा सभा कक्ष में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में केन्द्र एवं राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाने तथा निर्माणाधीन कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। केन्द्रीय राज्य मंत्री श्री साहू ने ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को अधिक से अधिक रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा उनकी आय में वृद्धि के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने पर जोर दिया। उन्होंने निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवासों एवं व्यक्तिगत तथा सामुदायिक शौचालयों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। पीएम जनमन योजना के तहत प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से बनाए जा रहे संपर्क मार्गों की समीक्षा करते हुए उन्होंने विभागीय समन्वय से सभी बाधाओं का निराकरण कर सड़कों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निर्माण सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए।

मंत्री श्री साहू ने जिले में जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को प्रोत्साहित करने तथा जिले की विशिष्ट पहचान विष्णुभोग धान-चावल की उत्पादकता, प्रसंस्करण एवं बेहतर मार्केटिंग की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए। स्वच्छता की समीक्षा के दौरान उन्होंने नगरीय क्षेत्रों में नियमित कचरा संग्रहण एवं स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा स्वच्छता सर्वेक्षण से संबंधित वास्तविक जानकारी पोर्टल पर दर्ज कराने कहा। उन्होंने जिले में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए जल निकायों की मरम्मत एवं पुनर्निर्माण, पशुओं को संक्रामक बीमारियों से बचाने सघन टीकाकरण, कुपोषित बच्चों के पोषण स्तर में सुधार, टीबी उन्मूलन एवं मलेरिया नियंत्रण के लिए प्रभावी उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शत-प्रतिशत पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने पर भी विशेष जोर दिया।

केन्द्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त अधिकांश प्रकरण राजस्व विभाग से संबंधित हैं। उन्होंने नक्शा-बटांकन, सीमांकन, नामांतरण, त्रुटि सुधार सहित सभी लंबित राजस्व प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर को निर्देशित किया। सार्वजनिक वितरण प्रणाली की समीक्षा करते हुए उन्होंने उचित मूल्य दुकानों में खाद्यान्न की निर्बाध एवं नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने कहा। शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान श्री साहू ने सभी जिला अधिकारियों को विद्यालयों का नियमित भ्रमण कर बच्चों एवं शिक्षकों की उपस्थिति, अध्ययन-अध्यापन व्यवस्था और मध्यान्ह भोजन की स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी बोर्ड परीक्षाओं में जिले का परीक्षा परिणाम और बेहतर करने के लिए विशेष प्रयास करने कहा। उन्होंने मत्स्य पालन, श्रम विभाग सहित सभी विभागों की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने जिले में संचालित विकास कार्यों एवं विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। विभागीय अधिकारियों ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से योजनाओं की उपलब्धियों एवं प्रगति से समिति को अवगत कराया। बैठक में बताया गया कि वीबी-जी रामजी योजना के तहत जिले में कुल 64 हजार 174 जॉबकार्डधारी परिवार पंजीकृत हैं। लेबर बजट वर्ष 2026-27 में अब तक 9 लाख 96 हजार मानव दिवस का सृजन किया जा चुका है। बिहान समूह से जुड़ी 18 हजार 148 दीदियों को लखपति दीदी की श्रेणी में शामिल किया जा चुका है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जिले में अब तक 46 हजार 151 आवास पूर्ण हो चुके हैं। गौरेला विकासखंड में संचालित पीएम जनमन योजना के तहत स्वीकृत 1080 आवासों में से 865 आवास पूर्ण किए जा चुके हैं। सामाजिक सहायता कार्यक्रम के अंतर्गत 36 हजार 924 हितग्राहियों को पेंशन योजना का लाभ मिल रहा है।कृषि क्षेत्र में खरीफ वर्ष 2026 में निर्धारित 58 हजार 693 हेक्टेयर लक्ष्य के विरुद्ध 53 हजार 99 हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी पूर्ण हो चुकी है। जिले में 839 आंगनबाड़ी केन्द्र संचालित हैं, जहां 23 हजार 993 बच्चे दर्ज हैं। बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को नियमित रूप से पूरक पोषण आहार प्रदान किया जा रहा है।

आयुष्मान भारत योजना के तहत जिले में अब तक 3 लाख 16 हजार 675 लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं, जबकि 24 हजार 248 लोगों के कार्ड बनना शेष है। जल जीवन मिशन के तहत स्वीकृत 563 योजनाओं में से 245 योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं। योजना के अंतर्गत 84 हजार 901 घरों के लक्ष्य के विरुद्ध 69 हजार 808 घरों में नल कनेक्शन प्रदान किए जा चुके हैं, जिनमें 55 हजार 800 क्रियाशील नल कनेक्शन शामिल हैं। जिले में 209 उचित मूल्य दुकानें संचालित हैं तथा कुल 1 लाख 16 हजार 319 राशन कार्डधारक हैं। बैठक में केन्द्र एवं राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार समीक्षा करते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन और पात्र हितग्राहियों तक लाभ पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में विधायक कोटा श्री अटल श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री समीरा पैकरा, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद गौरेला श्री मुकेश दुबे, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद पेंड्रा श्री राकेश जालान, अध्यक्ष जनपद पंचायत गौरेला श्री शिवनाथ बघेल, अध्यक्ष जनपद पंचायत मरवाही श्रीमती जानकी कुशरो, कोरबा लोकसभा सांसद प्रतिनिधि श्री मनोज गुप्ता, जिला पंचायत सीईओ श्री मुकेश रावटे सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed