यूसीसी के खिलाफ मुहिम को लेकर जमीयत उलेमा-ए-हिन्द की अहम बैठक 22 अगस्त को
शहडोल। जमीयत उलेमा-ए-हिन्द, शहर शहडोल द्वारा यूनिफॉर्म सिविल कोड के खिलाफ जारी मुहिम और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर आगामी 22 अगस्त को एक अहम बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक का उद्देश्य 16 अगस्त 2026 को भोपाल में आयोजित बैठक में पारित एजेंडे को जमीनी स्तर तक पहुंचाने तथा संगठन से जुड़े पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के बीच आगे की गतिविधियों को लेकर समन्वय स्थापित करना बताया गया है।जमीयत की ओर से जारी सूचना के अनुसार बैठक हजरत अमीरे शरीयत मौलाना मुफ्ती मोहम्मद अहमद खां साहब की हिदायत के मुताबिक आयोजित की जा रही है। बैठक की अध्यक्षता शहर सदर जनाब मोहम्मद जकरिया साहब करेंगे। संगठन ने बैठक में शहर एवं क्षेत्र के जिम्मेदार पदाधिकारियों, उलमा-ए-किराम, आइम्मा-ए-मसाजिद, मस्जिदों के सदर एवं सेक्रेटरी, मदरसा प्रबंधकों तथा जमीयत उलेमा-ए-हिन्द से जुड़े कार्यकर्ताओं की मौजूदगी को महत्वपूर्ण बताया है।
जारी सूचना के मुताबिक बैठक 22 अगस्त को सुबह 10 बजे आयोजित होगी। बैठक का स्थान होटल पैराडाइज एवं काजी साहब का दफ्तर, शहडोल निर्धारित किया गया है। जमीयत की ओर से सभी संबंधित जिम्मेदारों से समय पर पहुंचकर बैठक में सहभागिता करने की अपील की गई है।
बताया गया है कि भोपाल में 16 अगस्त को हुई बैठक में पारित एजेंडे को स्थानीय स्तर पर लागू करने के लिए संगठन द्वारा गतिविधियां तेज की जा रही हैं। इसी क्रम में शहडोल में आयोजित बैठक में यूसीसी के खिलाफ चल रही मुहिम सहित संगठनात्मक कार्यों की आगामी रूपरेखा पर चर्चा किए जाने की संभावना है। साथ ही स्थानीय स्तर पर जमीयत की गतिविधियों को व्यवस्थित करने और जिम्मेदार पदाधिकारियों के बीच समन्वय बढ़ाने पर भी विचार किया जाएगा।
जमीयत उलेमा-ए-हिन्द, शहर शहडोल ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से निर्धारित समय पर बैठक स्थल पर पहुंचने की अपील करते हुए बैठक को सफल बनाने का आह्वान किया है।