ट्रेंचिंग ग्राउंड की बदहाल व्यवस्था पर सीएमओ सख्त,उपयंत्री से मांगा जवाब

ट्रेंचिंग ग्राउंड की सड़क पर कचरा फेंकने पर नपा की सख्ती, उपयंत्री से मांगा जवाब
सीएमओ के औचक निरीक्षण में सामने आई अव्यवस्था, 24 घंटे में स्पष्टीकरण देने के निर्देश; लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
शहडोल। शहर में कचरा संग्रहण और उसके व्यवस्थित निस्तारण को लेकर नगर पालिका परिषद ने निगरानी तेज कर दी है। जमुई स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड के निरीक्षण के दौरान सड़क पर कचरा बिखरा मिलने के बाद नगर पालिका की मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अमले की जवाबदेही तय करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
सीएमओ ने ट्रेंचिंग ग्राउंड का आकस्मिक निरीक्षण कर मौके की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान सामने आया कि विभिन्न वार्डों से कचरा लेकर पहुंचने वाले वाहनों द्वारा ट्रेंचिंग ग्राउंड के निर्धारित क्षेत्र के बजाय सड़क पर ही कचरा डाला जा रहा था। सड़क पर कचरा जमा होने से आवागमन और कचरा वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही थी।
व्यवस्था में लापरवाही पर मांगा स्पष्टीकरण
मौके पर मिली स्थिति को लेकर सीएमओ ने संबंधित जिम्मेदार अधिकारी से जवाब तलब किया है। नगर पालिका के उपयंत्री पुनीत त्रिपाठी को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए 24 घंटे के भीतर लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर पालिका की ओर से स्पष्ट किया गया है कि कचरा प्रबंधन से जुड़े कार्यों में निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना जरूरी है। यदि जांच में जिम्मेदारी के निर्वहन में लापरवाही या उदासीनता सामने आती है तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
स्वच्छता व्यवस्था की निगरानी बढ़ाई
नगर पालिका प्रशासन ने ट्रेंचिंग ग्राउंड सहित कचरा संग्रहण और परिवहन व्यवस्था की निगरानी बढ़ाने के संकेत दिए हैं। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जा रहे हैं कि कचरा निर्धारित स्थान पर ही पहुंचाया जाए और सड़कों या सार्वजनिक स्थानों पर कचरा जमा न हो।
सीएमओ श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी ने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। कचरा प्रबंधन व्यवस्था में लापरवाही मिलने पर जिम्मेदार अधिकारी-कर्मचारियों की जवाबदेही तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।