48 घंटे के अभियान में 8 लोगों पर कार्रवाई, 6 गिरफ्तार, मोटरसाइकिल और XUV-500 जब्त
48 घंटे के अभियान में 8 लोगों पर कार्रवाई, 6 गिरफ्तार, मोटरसाइकिल और XUV-500 जब्त
कटनी। अवैध शराब के कारोबार और शराब के नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ उमरियापान पुलिस ने 48 घंटे का विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की। 13 और 14 सितंबर 2026 को चलाए गए सघन कॉम्बिंग एवं वाहन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने अवैध शराब के मामलों में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि नशे की हालत में वाहन चलाते मिले दो चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान एक मोटरसाइकिल और महिंद्रा XUV-500 कार भी जब्त की गई।
थाना प्रभारी उमरियापान के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए अवैध शराब के चिन्हित ठिकानों पर दबिश दी।
अभियान के दौरान ग्राम इटमा और जमुनिया में पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार से जुड़े ठिकानों पर दबिश दी। इटमा में अवैध रूप से शराब बेचने तथा लोगों को बैठाकर शराब पिलाने की सुविधा उपलब्ध कराने के मामले में प्रकाश पटेल (40) और शिव कोल (39) को पकड़ा गया। वहीं ग्राम जमुनिया से कौशल कोल (27), दसईराम कोल (52), सतीश कोल (30) तथा ग्राम टोला निवासी किशोरीलाल बसोर (45) को अवैध शराब कारोबार में संलिप्त पाए जाने पर गिरफ्तार किया गया। सभी के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए गए। पुलिस के अनुसार आबकारी एक्ट के इन मामलों में सभी छह आरोपियों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत विधिवत गिरफ्तार कर सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
नशे में वाहन चलाने वालों पर भी कार्रवाई
विशेष वाहन चेकिंग के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाते मिले दो चालकों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। ग्राम डिघरी मझगवां निवासी संदीप कोल (30) को अत्यधिक शराब के नशे में हीरो होंडा सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल चलाते पाया गया। पुलिस ने मोटरसाइकिल जब्त कर उसके विरुद्ध धारा 185 मोटरयान अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया। इसी तरह बघराजी निवासी बृजेश विश्वकर्मा (46) को शराब के नशे में महिंद्रा XUV-500 कार तेज एवं लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने कार को भी मौके से जब्त कर धारा 185 मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की।