बिग ब्रेकिंग: पुराने गौरेला के रिहायशी इलाके में कबाड़ गोदाम में लगी भीषण आग, आसपास के मकानों पर मंडराया खतरा

0

नगरपालिका अध्यक्ष मुकेश दुबे सहित नगरपालिका और पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद, दमकल की कई गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं

गौरेला। पुराने गौरेला के रिहायशी इलाके में स्थित एक कबाड़ गोदाम में अचानक भीषण आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी विकराल है कि दमकल की गाड़ियों द्वारा लगातार पानी डालने के बावजूद आग की लपटों पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कबाड़ गोदाम में भारी मात्रा में पुट्ठा, पन्नी और प्लास्टिक सहित ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थी। इसी वजह से आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। गोदाम के आसपास और ठीक सामने रिहायशी मकान होने के कारण स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों को आशंका है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया गया तो इसकी लपटें आसपास के मकानों तक पहुंच सकती हैं।

घटना की सूचना मिलते ही नगरपालिका अध्यक्ष मुकेश दुबे नगरपालिका परिषद के अमले के साथ मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयासों का जायजा लेते हुए राहत एवं बचाव कार्य में हरसंभव सहयोग कर रहे हैं। मौके पर पुलिस प्रशासन की टीम भी सक्रिय है। आग पर काबू पाने के लिए नगरपालिका परिषद गौरेला के दमकल वाहन के साथ नगरपालिका परिषद पेंड्रा की दमकल को भी बुलाया गया है।

नगरपालिका अध्यक्ष मुकेश दुबे मौके पर मौजूद रहकर नगरपालिका कर्मचारियों और पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाते हुए आग बुझाने के प्रयासों में सहयोग कर रहे हैं। दमकल कर्मियों द्वारा लगातार आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग पर पूरी तरह काबू पाने और आसपास के मकानों को सुरक्षित रखने के लिए राहत एवं बचाव कार्य जारी है। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है।

आग लगने के कारणों और संभावित नुकसान का आकलन आग बुझने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *