शहर को जाम से राहत दिलाने उतरी पुलिस-नगर निगम की संयुक्त टीम नवागत यातायात प्रभारी अनूप सिंह ने संभाली कमान, ट्रैफिक सुधार के लिए बनेगा नया रोडमैप

0

शहर को जाम से राहत दिलाने उतरी पुलिस-नगर निगम की संयुक्त टीम
नवागत यातायात प्रभारी अनूप सिंह ने संभाली कमान, ट्रैफिक सुधार के लिए बनेगा नया रोडमैप
कटनी।। शहर में लगातार बढ़ती ट्रैफिक समस्या और बाजार क्षेत्रों में लगने वाले जाम से आमजन को राहत दिलाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस और नगर निगम ने संयुक्त रूप से बड़ा अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में नवागत यातायात प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह ने नगर निगम अधिकारियों और विशेषज्ञों के साथ शहर के प्रमुख मार्गों का निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था का जमीनी आकलन किया।
संयुक्त टीम ने चांडक चौक, घंटाघर, झंडा बाजार, सराफा बाजार, सुभाष चौक, रेलवे स्टेशन, मॉल रोड, खिरहनी ब्रिज और गर्ग चौराहा सहित शहर के व्यस्त इलाकों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे अवैध पार्किंग, अतिक्रमण और बेतरतीब ठेलों को जाम की सबसे बड़ी वजह माना गया।
निरीक्षण में यह भी सामने आया कि शहर के प्रमुख बाजारों में पार्किंग व्यवस्था न होने से वाहन चालक सड़कों पर ही वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे सड़कें संकरी हो जाती हैं और पीक आवर्स में लंबा जाम लग जाता है। वहीं थाना तिराहा से बरही नाका तक बड़ी संख्या में संचालित हाथ ठेले और अस्थाई दुकानें भी यातायात बाधित कर रही हैं।
यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए प्रशासन ने अब त्रिस्तरीय कार्ययोजना तैयार की है। इसके तहत शहर के प्रमुख चौराहों और रोटरियों का आधुनिकीकरण किया जाएगा ताकि वाहनों की आवाजाही सुचारू हो सके। इसके साथ ही बाजार क्षेत्रों में सशुल्क पार्किंग व्यवस्था लागू करने की तैयारी है, जिससे सड़क पर खड़े वाहनों की समस्या कम होगी।
प्रशासन ने सड़क किनारे संचालित ठेले और सब्जी दुकानों के लिए अलग वेंडिंग जोन विकसित करने की भी योजना बनाई है। इन दुकानदारों को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराया जाएगा ताकि मुख्य मार्ग पूरी तरह जाम मुक्त हो सकें।
इस संयुक्त निरीक्षण में मैनिट भोपाल के विशेषज्ञ प्रोफेसर राहुल तिवारी और प्रोफेसर अनुज जायसवाल ने भी तकनीकी सुझाव दिए। नगर निगम के अतिक्रमण दस्ता प्रभारी मनेंद्र सिंह सहित यातायात पुलिस और निगम अमला भी मौजूद रहा।
यातायात प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह ने कहा कि पुलिस और नगर निगम मिलकर शहर को अतिक्रमण और जाम की समस्या से स्थायी राहत दिलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने नागरिकों, व्यापारियों और वाहन चालकों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील भी की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed