तेज रफ्तार बोलेरो पेड़ से टकराई, वाहन में लगी आग — सवारियों ने कूदकर बचाई जान

0

प्रशांत कुमार मिश्रा मरवाही

मरवाही/गौरेला-पेंड्रा-मरवाही,

जिले में मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा सामने आया, जिसमें तेज रफ्तार बोलेरो वाहन पेड़ से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गया। गनीमत रही कि वाहन में सवार लोगों ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, कोटमी चौकी क्षेत्र के मटियाडाँड़ में यह दुर्घटना उस समय हुई, जब मरवाही की ओर से आ रही बोलेरो अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे के तुरंत बाद वाहन के इंजन से आग की लपटें उठने लगीं और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते पूरी बोलेरो धू-धू कर जलने लगी। इस दौरान वाहन में सवार चालक सहित तीन लोगों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए जलती गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन कोतमा से विशेषरा गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालक को झपकी आने के कारण वाहन नियंत्रण से बाहर हो गया और हादसा हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। वहीं, हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *