तेंदूपत्ता तोड़ने गई महिला पर जंगली सूअर का हमला, गंभीर घायल

0

बहादुर हुसैन खान संवाददाता जटगा

कटघोरा वन मंडल अंतर्गत जटगा वन परिक्षेत्र के तुमान क्षेत्र में तेंदूपत्ता तोड़ने जंगल गई एक महिला पर जंगली सूअर ने हमला कर दिया। घटना ग्राम पंचायत अमलडीहा के आश्रित मोहल्ला कचोरापरा की बताई जा रही है। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

जानकारी के अनुसार महिला सुबह जंगल में तेंदूपत्ता संग्रहण के लिए गई थी। इसी दौरान अचानक जंगली सूअर ने उस पर हमला कर दिया। महिला के शोर मचाने पर आसपास मौजूद अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद किसी तरह उसे सूअर के हमले से बचाया गया।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हुई। घायल महिला को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तुमान लाया गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों ने महिला की स्थिति पर निगरानी बनाए रखी है।

इस मामले में तुमान की डिप्टी रेंजर प्रतिमा ने घायल महिला से मुलाकात कर वन विभाग की ओर से तत्काल आर्थिक सहायता राशि प्रदान की। साथ ही ग्रामीणों से जंगल क्षेत्रों में सतर्कता बरतने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed