सावन में गूंजा हर-हर महादेव, कटनी ब्लड डोनर एंड वेलफेयर सोसाइटी ने किया पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं रुद्राभिषेक
सावन में गूंजा हर-हर महादेव, कटनी ब्लड डोनर एंड वेलफेयर सोसाइटी ने किया पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं रुद्राभिषेक

कटनी।। पवित्र सावन माह के अवसर पर कटनी ब्लड डोनर एंड वेलफेयर सोसाइटी (रजि.) के तत्वावधान में श्री शनि मंदिर, तिलक कॉलेज रोड, कटनी में पार्थिव शिवलिंग निर्माण, सामूहिक पूजन-अर्चन, हवन एवं रुद्राभिषेक का धार्मिक आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ श्रद्धालुओं एवं संस्था के सदस्यों द्वारा पार्थिव शिवलिंग निर्माण से किया गया। इसके पश्चात वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से सामूहिक पूजन-अर्चन, हवन एवं भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा। आयोजन में संस्था के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
महिला विंग ने संभाली आयोजन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
कार्यक्रम में संस्था की महिला विंग की विशेष भूमिका रही। महिला सदस्यों ने पार्थिव शिवलिंग निर्माण से लेकर पूजन व्यवस्था, प्रसाद वितरण एवं अन्य व्यवस्थाओं को अनुशासन और समर्पण के साथ संभाला।
महिला विंग की अध्यक्ष श्रीमती मंजू शर्मा ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन करना नहीं, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और आध्यात्मिकता की भावना को मजबूत करना भी है। उन्होंने कहा कि महिला विंग की सभी बहनों ने पूरे समर्पण के साथ आयोजन में योगदान दिया और भविष्य में भी संस्था के सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी जारी रहेगी।

संस्था के अध्यक्ष टीनू सचदेवा एवं अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के माध्यम से समाज में सकारात्मकता, एकता और सेवा भाव को बढ़ावा देना संस्था का प्रमुख उद्देश्य है। संस्था भविष्य में भी जनसेवा के साथ-साथ धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों का आयोजन करती रहेगी। आयोजन को सफल बनाने में संस्था के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों एवं स्वयंसेवकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।