गणेश विसर्जन व आगामी त्योहारों को लेकर एसपी ने किया घाटों का निरीक्षण सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
गणेश विसर्जन व आगामी त्योहारों को लेकर एसपी ने किया घाटों का निरीक्षण
सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
कटनी। आगामी सामाजिक एवं धार्मिक त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कटनी श्री अभिनय विश्वकर्मा ने जिले में कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ जिले के प्रमुख नदी एवं तालाब घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
गणेश विसर्जन को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक ने गाटर घाट, माई नदी, मोहन घाट, मसुरहा घाट, चाका तालाब, पुरैनी कुण्ड, पीर बाबा, रपटा घाट एवं छपरवाह घाट सहित अन्य विसर्जन स्थलों का भ्रमण किया। उन्होंने घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण तथा कानून-व्यवस्था से संबंधित तैयारियों की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री विश्वकर्मा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम किए जाएं।
उन्होंने आगामी त्योहारों के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, असामाजिक तत्वों पर सतत नजर बनाए रखने तथा कानून-व्यवस्था से जुड़ी किसी भी स्थिति पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही स्थानीय प्रशासन एवं संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने को कहा। भ्रमण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य, डीएसपी मुख्यालय श्री रत्नेश मिश्रा, डीएसपी अजाक सुश्री शिवा पाठक, थाना प्रभारी कोतवाली, थाना प्रभारी यातायात सहित जिले के अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
पुलिस की आमजन से अपील
कटनी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि आगामी सामाजिक एवं धार्मिक त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में मनाएं। नदी एवं तालाब घाटों पर प्रशासन और पुलिस द्वारा निर्धारित सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सावधानी बरतें तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें।