ड्रिंक एंड ड्राइव पर न्यायालय ने लगाया 20 हजार का अर्थदंड, 8 ओवरस्पीड वाहनों पर कार्यवाही
ड्रिंक एंड ड्राइव पर न्यायालय ने लगाया 20 हजार का अर्थदंड, 8 ओवरस्पीड वाहनों पर कार्यवाही
कटनी।। यातायात पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था के लिए नियम उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सघन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत विगत 02 दिवस में 02 वाहन चालकों के विरुद्ध ड्रिंक एंड ड्राइव की कार्रवाई की गई। दोनों प्रकरण माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किए गए, जहां न्यायालय द्वारा प्रत्येक चालक पर 10-10 हजार , कुल 20 हजार का अर्थदंड अधिरोपित किया गया। न्यायालय के आदेश के पालन में संबंधित वाहन स्वामी/चालकों को वाहन सुपुर्द किए गए। इसी क्रम में 08 ओवरस्पीड वाहनों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई। वहीं नो-एंट्री में संचालित वाहन UP63AT-9127 की ऑनलाइन चालान हिस्ट्री जांचने पर वर्ष 2022 से विभिन्न राज्यों के कुल 29,500 के लंबित चालान पाए गए, जिनमें झारखंड 9,000, पश्चिम बंगाल 500 एवं उत्तर प्रदेश 20,000 शामिल हैं। यातायात पुलिस द्वारा बिना नंबर प्लेट संचालित वाहनों पर भी कार्रवाई की गई तथा मौके पर नंबर प्लेट लगवाकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद वाहन छोड़े गए। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि शराब पीकर वाहन चलाना और तेज गति से वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख जोखिमों में शामिल हैं। ऐसे वाहन चालकों के विरुद्ध चेकिंग एवं वैधानिक कार्रवाई का अभियान आगे भी शहर के प्रमुख मार्गों एवं चौराहों पर निरंतर जारी रहेगा।