वृद्ध, अशक्त और बीमार हितग्राहियों को नॉमिनी के जरिए मिलेगा राशन बायोमैट्रिक प्रमाणीकरण में परेशानी होने पर परिवार के सदस्य को बनाया जा सकेगा नॉमिनी, री-केवाईसी नहीं कराने पर आगामी माह से राशन बंद होने की संभावना
वृद्ध, अशक्त और बीमार हितग्राहियों को नॉमिनी के जरिए मिलेगा राशन
बायोमैट्रिक प्रमाणीकरण में परेशानी होने पर परिवार के सदस्य को बनाया जा सकेगा नॉमिनी, री-केवाईसी नहीं कराने पर आगामी माह से राशन बंद होने की संभावना
कटनी। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन प्राप्त करने वाले वृद्ध, अशक्त एवं बीमार हितग्राहियों को बायोमैट्रिक प्रमाणीकरण में होने वाली परेशानी से राहत देने के लिए नॉमिनी के माध्यम से खाद्यान्न प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। ऐसे हितग्राही जिनके अंगूठे का निशान स्पष्ट नहीं आने अथवा बायोमैट्रिक मिलान नहीं होने के कारण राशन लेने में परेशानी होती है, वे नियमानुसार अपने परिवार के सदस्य को नॉमिनी बनाकर खाद्यान्न प्राप्त कर सकेंगे।
लिखित आवेदन देकर बनाएं नॉमिनी
जिला आपूर्ति अधिकारी के अनुसार नॉमिनी बनाने के लिए संबंधित हितग्राही को शासकीय उचित मूल्य की राशन दुकान, नगर परिषद अथवा संबंधित खाद्य अधिकारी के समक्ष लिखित आवेदन प्रस्तुत करना होगा। आवेदन में हितग्राही यह उल्लेख कर सकता है कि “मेरा अंगूठा नहीं लगता, मेरे बदले (व्यक्ति का नाम) को नॉमिनी बनाया जाए।”
नॉमिनी हितग्राही के परिवार का सदस्य होना आवश्यक है। यदि परिवार में 16 से 65 वर्ष की आयु का कोई अन्य वयस्क सदस्य उपलब्ध नहीं है, तो नियमानुसार बुजुर्ग हितग्राही को नॉमिनी बनाए जाने की सुविधा भी दी जा सकती है। नॉमिनी के आधार कार्ड एवं बायोमैट्रिक का विवरण पीओएस मशीन में दर्ज होने के बाद उसके अंगूठे के माध्यम से संबंधित हितग्राही का खाद्यान्न प्राप्त किया जा सकेगा।
री-केवाईसी नहीं कराई तो बंद हो सकता है राशन
सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत जिले में कुल 1 लाख 99 हजार 939 हितग्राहियों की री-केवाईसी की जानी है। इनमें से 10,858 हितग्राहियों द्वारा री-केवाईसी पूरी कराई जा चुकी है, जबकि 9,081 हितग्राहियों की री-केवाईसी अभी शेष है।
जिला आपूर्ति अधिकारी ने ऐसे सभी हितग्राहियों से जल्द से जल्द अपने नजदीकी शासकीय उचित मूल्य की राशन दुकान पर पहुंचकर री-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कराने की अपील की है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि री-केवाईसी नहीं कराने वाले हितग्राहियों का आगामी माह से राशन बंद होने की संभावना है।
समस्या होने पर खाद्य अधिकारी को दें जानकारी
विभाग ने पात्र हितग्राहियों से सार्वजनिक वितरण प्रणाली से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या होने पर संबंधित खाद्य अधिकारी को तत्काल अवगत कराने की अपील की है, ताकि समस्या का नियमानुसार निराकरण कराया जा सके और पात्र हितग्राही खाद्यान्न प्राप्त करने से वंचित न हों।