देवहरा में फुटबॉल का रोमांच, अनूपपुर-शहडोल-उमरिया के युवा खिलाड़ियों के बीच जोरदार मुकाबले

0

 

(अखंड प्रताप सिंह @ +917999254482)

अनूपपुर। जनजातीय कार्य विभाग के खेल आयोजन के अंतर्गत वर्ष 2026-27 की जिला क्षेत्र स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवहरा में किया जा रहा है। प्रतियोगिता में अनूपपुर, शहडोल और उमरिया जिले से चयनित खिलाड़ी विभिन्न आयु वर्गों में मैदान पर अपना कौशल और खेल प्रतिभा प्रदर्शित कर रहे हैं।

फिलहाल 17 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिका वर्ग के फुटबॉल मुकाबले देवहरा विद्यालय परिसर में आयोजित किए जा रहे हैं। तीनों जिलों से चयनित खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के दौरान उनके प्रदर्शन के आधार पर परखा जा रहा है। बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को शामिल करते हुए संयुक्त टीम का गठन किया जाएगा। यह टीम आगे पूर्वी क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए जनजातीय कार्य विभाग की विभागीय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सरदारपुर में हिस्सा लेगी।

प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह है। मैदान पर खिलाड़ी पूरे जोश के साथ मुकाबलों में उतर रहे हैं और अपनी प्रतिभा के दम पर संयुक्त टीम में स्थान बनाने के लिए प्रयासरत हैं। प्रतियोगिता के माध्यम से क्षेत्र के उभरते खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिल रहा है। साथ ही राज्य स्तरीय स्पर्धा के लिए प्रतिभावान खिलाड़ियों को तैयार करने की दिशा में भी यह आयोजन महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

आयोजन को सफल बनाने में अनूपपुर जिला कलेक्टर, सहायक आयुक्त सरिता नायक, जिला पंचायत सीईओ एवं क्षेत्र संयोजक एस.के. बाजपेई, जिला क्रीड़ा प्रभारी उपेंद्र मिश्रा सहित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवहरा के खेल शिक्षक किशोर कुमार साकेत और प्रभारी विश्वास राय शुक्ला की महत्वपूर्ण भूमिका है।

प्रतियोगिता के संचालन की जिम्मेदारी जनरल मैनेजर रोहित कुमार चौधरी संभाल रहे हैं, जबकि मुकाबलों में निर्णायक की भूमिका विवेक यादव निभा रहे हैं। वहीं प्रतियोगिता के सहसंयोजक सलीम सिद्दीकी आयोजन की व्यवस्थाओं और संचालन में सहयोग कर रहे हैं।

जिला क्षेत्र स्तरीय इस प्रतियोगिता के माध्यम से तीनों जिलों के खिलाड़ियों को एक ही मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है। खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर गठित होने वाली संयुक्त टीम अब आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पूर्वी क्षेत्र की ओर से मैदान में उतरेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed