समस्या से समाधान तक जनता की आवाज़ को मिला सीधा मंच महापौर जनसुनवाई मे 30 आवेदनों पर तत्काल कार्रवाई
समस्या से समाधान तक जनता की आवाज़ को मिला सीधा मंच
महापौर जनसुनवाई मे 30 आवेदनों पर तत्काल कार्रवाई
कटनी। नगर पालिक निगम द्वारा प्रत्येक मंगलवार को आयोजित की जा रही महापौर जनसुनवाई अब आम नागरिकों की उम्मीदों और भरोसे का मजबूत मंच बनती जा रही है। शहर की मूलभूत समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से आयोजित यह जनसुनवाई नागरिकों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित कर रही है। मंगलवार को मेयर इन काउंसिल सभागार में आयोजित जनसुनवाई में शहर के विभिन्न वार्डों से बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे और अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं।
जनसुनवाई में पेयजल संकट, साफ-सफाई, सड़क मरम्मत, नाली निर्माण, अतिक्रमण, स्ट्रीट लाइट, राजस्व प्रकरण सहित अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े कुल 30 आवेदन प्राप्त हुए। महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए।
महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता नागरिकों को सरल, पारदर्शी और जवाबदेह व्यवस्था उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना न पड़े। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवेदनों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए तथा शिकायतकर्ताओं को समाधान की जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जाए।
जनसुनवाई के दौरान कई मामलों में मौके पर ही अधिकारियों को दिशा-निर्देश देकर कार्रवाई प्रारंभ कराई गई। इससे नागरिकों में प्रशासन के प्रति विश्वास और संतोष का वातावरण दिखाई दिया। महापौर ने कहा कि जनसुनवाई जैसी पहल प्रशासन और जनता के बीच पारदर्शिता एवं जवाबदेही को मजबूत करती है तथा समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाती है।
उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि नगर निगम की इस जनहितकारी पहल का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपनी समस्याओं के निराकरण हेतु नियमित रूप से जनसुनवाई में सहभागिता करें। जनसुनवाई में नगर निगम की विभिन्न शाखाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे, जिन्होंने प्राप्त आवेदनों पर तत्काल कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ की।