संस्कार, समर्पण और राष्ट्र निर्माण का संगम बना संघ का घोष वर्ग महाकौशल प्रांत के 34 जिलों से आए 95 स्वयंसेवकों ने लिया प्रशिक्षण, समाज परिवर्तन का दिया संदेश

0

संस्कार, समर्पण और राष्ट्र निर्माण का संगम बना संघ का घोष वर्ग
महाकौशल प्रांत के 34 जिलों से आए 95 स्वयंसेवकों ने लिया प्रशिक्षण, समाज परिवर्तन का दिया संदेश
कटनी।। राष्ट्र प्रथम की भावना को आत्मसात कर समाज और देश के लिए समर्पित जीवन जीने का संदेश राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के महाकौशल प्रांत घोष वर्ग के समापन समारोह में देखने को मिला। कार्यक्रम में स्वयंसेवकों का अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और संगठनात्मक ऊर्जा उपस्थित जनसमूह के लिए आकर्षण का केंद्र रही।
समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ महाकौशल प्रांत के सह प्रांत प्रचारक श्रवण जी सैनी ने कहा कि संघ जाति-बिरादरी से ऊपर उठकर भारत माता को पुनः परम वैभव के शिखर पर पहुंचाने के उद्देश्य से कार्य कर रहा है। शाखा के माध्यम से व्यक्ति निर्माण और व्यक्ति से राष्ट्र निर्माण का कार्य सतत चल रहा है। उन्होंने कहा कि शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास के लिए आयोजित वर्ग स्वयंसेवकों में नेतृत्व, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के गुण विकसित करते हैं।
उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत की ओर आशा भरी नजरों से देख रही है। ऐसे समय में युवाओं को संस्कारित और जागृत कर राष्ट्रहित में कार्य करने हेतु प्रेरित करना समाज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। समाज की विभिन्न संस्थाओं, मातृशक्ति और जागरूक नागरिकों को एक मंच पर लाकर राष्ट्र निर्माण की दिशा में कार्य करना ही संघ की मूल भावना है।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रसिद्ध स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. उमा निगम ने स्वयंसेवकों की सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि जब भी देश पर संकट आता है, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक निस्वार्थ भाव से तन, मन और धन के साथ सेवा कार्यों में जुट जाते हैं। उन्होंने कहा कि संघ का शताब्दी वर्ष समाज के लिए प्रेरणा का विषय है और संघ का कार्य आने वाले हजार वर्षों तक समाज को दिशा देता रहे, यही कामना है।
उन्होंने कहा कि स्वयंसेवक बचपन से ही अनुशासन और राष्ट्रसेवा के संस्कारों के साथ एक सैनिक की तरह तैयार होते हैं और घोष वर्ग में यह भावना स्पष्ट रूप से दिखाई देती है।
उल्लेखनीय है कि महाकौशल प्रांत के 34 जिलों से आए 95 स्वयंसेवकों ने इस घोष वर्ग में सहभागिता की। कार्यक्रम में क्षेत्रीय क्रीड़ा भारती के अधिकारी कौशलेंद्र, विभाग संघचालक विपिन तिवारी, विभाग कार्यवाह अमित कनकने, जिला संघ चालक डॉ. अमित साहू, नगर संघचालक किशोर ओचानी सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिक, मातृशक्ति एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन संजय त्रिपाठी ने किया, जबकि वर्ग कार्यवाह लक्ष्मण लोधी ने घोष वर्ग की गतिविधियों एवं प्रशिक्षण की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed